मनोहर कैबिनेट के चार मंत्री हाईकमान के निशाने पर

हरियाणा में मनोहर कैबिनेट के चार मंत्री भाजपा हाईकमान के निशाने पर हैैं। इनमें तीन राज्य मंत्री और एक कैबिनेट मंत्री शामिल है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 18 Jul 2016 10:25 AM (IST) Updated:Mon, 18 Jul 2016 10:33 AM (IST)
मनोहर कैबिनेट के चार मंत्री हाईकमान के निशाने पर

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल] । मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद हरियाणा में एक बार फिर कैबिनेट में बदलाव की संभावनाएं बढ़ गई हैं। मनोहर कैबिनेट के चार मंत्री भाजपा हाईकमान के निशाने पर हैैं। इनमें तीन राज्य मंत्री और एक कैबिनेट मंत्री शामिल है। फेरबदल में तीन कैबिनेट मंत्रियों और एक राज्य मंत्री को पावरफुल बनाया जा सकता है।

मोदी कैबिनेट में फेरबदल के बाद से ही हरियाणा में बदलाव के कयास लगाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा गोपनीय सर्वे के जरिए बदलाव का खाका पहले ही तैयार किया जा चुका है। पेंच इस बात पर फंसा हुआ है कि बदलाव हरियाणा की गोल्डन जुबली से पहले किया जाए या फिर निशाने पर चल रहे मंत्रियों को कुछ दिन और काम करने का मौका मिले।

पढ़ें : 1984 के दंगा पीड़ितों को 12 करोड़ का मुआवजा देगी हरियाणा सरकार

मुख्यमंत्री ने मोदी और शाह को न केवल गोल्डन जुबली रैली में आने का निमंत्रण दिया, बल्कि मंत्रिमंडल के नए प्रारूप और बदलाव के समय पर भी मार्गदर्शन चाहा है। केंद्रीय नेतृत्व ने अभी समय निर्धारित नहीं किया है। तमाम अटकलों के बीच करीब आधा दर्जन मंत्रियों और उनके समर्थकों में बेचैनी का आलम है।

भाजपा हाईकमान के पास तीन राज्य मंत्रियों की रिपोर्ट सही नहीं है। भाजपा के एक वरिष्ठ मंत्री को संगठन का कामकाज संभालने की पेशकश दी गई है। इससे वह नाराज भी हैैं। एक अन्य कैबिनेट मंत्री झंडी वाली कार छोड़कर संगठन में आने का प्रस्ताव पहले ही नकार चुके हैैं। संगठन का कामकाज संभाल रहे मुख्यमंत्री के अजीज विधायक को कैबिनेट में लाने के गंभीर प्रयास हो रहे हैैं। उनके जरिए इनेलो के गढ़ में सेंध लगाने और जाटों को खुश करने की तैयारी है।

पढ़ें : हरियाणा कांग्रेेस का घमासान, हुड्डा व किरण खेमा एक-दूसरे पर हमलावर

दक्षिण हरियाणा के एक राज्य मंत्री से झंडी वाली कार वापस लेने के लिए उनके आका से सहमति हासिल की जा चुकी है। राज्य मंत्री के आका हालांकि इस प्रस्ताव से नाखुश हैं, लेकिन ऐसा होने की स्थिति में उन्होंने दक्षिण के ही दो विधायकों के नाम सुझाए हैैं। बदलाव की स्थिति में बावल या नांगल चौधरी में से किसी एक को प्रतिनिधित्व मिल सकता है।

दक्षिण हरियाणा से ही जुड़े एक अन्य राज्यमंत्री के कामकाज से सरकार और संगठन दोनों खुश नहीं हैैं। उनके स्थान पर पंचकूला और फरीदाबाद के विधायकों में से किसी एक को मौका मिल सकता है।

उत्तर हरियाणा के एक राज्य मंत्री की कार्यशैली पर संगठन में दो खेमे हैैं। एक उन्हें रखने के पक्ष में है तो दूसरा कैबिनेट से अलग करने का दबाव बना रहा है। यदि विरोधी खेमे की चली तो बवानीखेड़ा, गुहला और नीलोखेड़ी में से किसी एक की किस्मत जाग सकती है।

पढ़ें : भड़काऊ भाषण देने के आरोपी पूर्व विधायक आर्य की गिरफ्तारी लगी रोक हटी


सीएम के साथ वफादारी निभाने का मिलेगा इनाम

उत्तर हरियाणा में जीटी रोड बेल्ट के चार मंत्रियों को पावरफुल बनाने की तैयारी है। इनमें तीन कैबिनेट मंत्री और एक राज्य मंत्री शामिल हैैं। उन्हें नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आरएसएस के सर्वे में सामने आया कि मनोहर कैबिनेट के एक मंत्री से जनता तो खुश है, लेकिन वे संगठन और सरकार की अधिक नहीं मानते। उन्हें पावरफुल तो किया जाएगा, लेकिन संभल कर।

एक अन्य कैबिनेट मंत्री से संगठन, संघ और सरकार पहले की अपेक्षा अब खुश हो गए हैैं। उन्हें अपने विभाग में नई योजनाएं बनाने का ईनाम दिया जा सकता है। एकमात्र महिला मंत्री की कार्यशैली से भी सरकार और संगठन खुश हैं। उन्हें भी नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। जीटी रोड बैल्ट के ही एक राज्य मंत्री को कैबिनेट का दर्जा मिल सकता है। हरियाणा की ताजा और बड़ी ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी