प्रधानमंत्री मोदी की रैली के लिए भी माहौल बनाकर जाएंगे अमित शाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 1 नवंबर को होने वाली गुरुग्राम रैली से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हिसार में वैश्य महासम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 13 Oct 2016 11:58 AM (IST) Updated:Thu, 13 Oct 2016 12:10 PM (IST)
प्रधानमंत्री मोदी की रैली के लिए भी माहौल बनाकर जाएंगे अमित शाह

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के दिग्गज नेता शक्ति प्रदर्शन करने को तैयार हैं। कुछ नेता रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर चुके तो कुछ इसी माह करने वाले हैं। प्रदेश में चार बड़ी रैलियां और कार्यक्रम होने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 1 नवंबर को गुरुग्राम में होने वाली रैली से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हिसार आ रहे हैं।

शाह हालांकि राज्यसभा सदस्य सुभाष चंद्रा के बुलावे पर वैश्य समाज के महासम्मेलन में भागीदारी करेंगे, लेकिन लगे हाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुरुग्राम रैली के लिए भी माहौल बनाकर जाएंगे। शाह इसी दिन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ मोदी की रैली की तैयारियों पर बातचीत कर सकते हैं। मुख्यमंत्री बनने के महत्वाकांक्षी केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह जाटलैंड जींद में रैली का आयोजन कर चुके हैं। अब केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह 16 नवंबर को रेवाड़ी में बड़ी रैली का आयोजन करने वाले हैं।

राव हालांकि 23 सितंबर को यह रैली करना चाह रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक नवंबर को होने वाली रैली के कारण उन्होंने रैली की तारीख आगे कर दी है। भाजपा के लिए बवाल-ए-जान बन चुके कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी भी शक्ति प्रदर्शन करने को तैयार हैं। पिछड़ों की राजनीति कर रहे सैनी लगातार जाटों पर हमले बोल रहे हैं। उन्हें पार्टी नेतृत्व द्वारा कार्रवाई किए जाने की भी चिंता नहीं है।

सैनी 28 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में रैली कर पिछड़ों के एकजुट होने का संदेश देंगे। हालांकि भाजपा ने खुद को इस रैली से अलग-थलग कर रखा है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 16 अक्टूबर को हिसार के अग्रोहा धाम में आ रहे हैं। राज्यसभा सदस्य सुभाष चंद्रा के कंधों पर उनके कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी है। शाह यहां से सभी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मोदी की रैली में पहुंचने का संदेश दे सकते हैं।

पढ़ें : अशोक तंवर ने कहा-मुझे मारने की साजिश थी, सरकार ने सुरक्षा बढाई

chat bot
आपका साथी