हरियाणा में कोरोना संक्रमण से 55 की मौत, 1814 मरीजों की हालत गंभीर, 9742 नए मरीज मिले

हरियाणा में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। राज्य में एक ही दिन में 55 मरीजों की मौत हो गई जबकि 1814 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमेंं से 1643 लोग आक्सीजन और 167 वेंटिलेटर पर हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 10:03 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 10:03 AM (IST)
हरियाणा में कोरोना संक्रमण से 55 की मौत, 1814 मरीजों की हालत गंभीर, 9742 नए मरीज मिले
हरियाणा में कोरोना संक्रमण से हालात होने लगे बेकाबू। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना प्राण घातक हो गया है। वीरवार को पहली बार प्रदेश में एक ही दिन में 55 मरीजों की मौत हो गई। गुरुग्राम और फरीदाबाद में दस-दस, जींद में छह, करनाल और पानीपत में पांच-पांच, भिवानी में चार, यमुनानगर और फतेहाबाद में तीन-तीन, अंबाला व पंचकूला में दो-दो तथा नूंह, कैथल और सिरसा में एक-एक मरीज की मौत हो गई। इस दौरान 9742 नए मरीज भी मिले। हरियाणा में कोरोना से 3583 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 1814 मरीजों की हालत गंभीर है जिनमें 1643 लोग आक्सीजन और 167 वेंटिलेटर पर हैं।

पिछले 24 घंटों में गुरुग्राम में सर्वाधिक 3353, फरीदाबाद में 1342, सोनीपत में 850, हिसार में 580, अंबाला में 260, करनाल में 530, पानीपत में 360, रोहतक में 103, रेवाड़ी में 110, पंचकूला में 459, कुरुक्षेत्र में 239, यमुनानगर में 179, सिरसा में 108, भिवानी में 189, झज्जर में 166, फतेहाबाद में 203, कैथल में 174 व जींद में 174 नए मरीज मिले।

राहत की बात यह कि प्रदेश में कुल 6512 लोग ठीक होकर भी लौटे। इसके साथ ही प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 58 हजार 597 पर पहुंच गई है। रिकवरी रेट 84.10 फीसद, पाजिटिव रेट 5.59 फीसद और मृत्यु दर 0.92 फीसद है। प्रत्येक दस लाख लोगों पर दो लाख 76 हजार 885 लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं। वीरवार को 40 हजार 687 लोगों के सैंपल लिए गए। इसके अलावा 46 हजार 951 लोगों ने महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण कराया। प्रदेश में अभी तक 34 लाख 33 हजार 443 लोग टीकाकरण करा चुके हैं।

डिप्टी सीएम आवास और जजपा आफिस दो सप्ताह रहेंगे बंद

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के सरकारी निवास और जजपा मुख्यालय को कई कर्मचारी संक्रमित मिलने के कारण दो सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने की इजाजत नहीं होगी और न जनसंपर्क होगा। जजपा प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि आवश्यक कार्यों के लिए लोग जिला अध्यक्ष से संपर्क करें। सभी जिलों में हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।  

chat bot
आपका साथी