सुरक्षित और स्वस्थ करनाल के लिए विद्यार्थियों को पुलिस करेगी जागरूक

जिला पुलिस की ओर से जुलाई-अगस्त में विद्यार्थी नागरिक संवाद के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने बताया कि नागरिक भागीदारी से नई पीढ़ी को जागृत करने के लिए ज्ञान के मंदिरों में अभियान चलाकर सुरक्षित करनाल-स्वस्थ करनाल की अवधारणा को साकार करेगी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 28 Jun 2019 07:50 AM (IST) Updated:Fri, 28 Jun 2019 07:50 AM (IST)
सुरक्षित और स्वस्थ करनाल के लिए विद्यार्थियों को पुलिस करेगी जागरूक
सुरक्षित और स्वस्थ करनाल के लिए विद्यार्थियों को पुलिस करेगी जागरूक

जागरण संवाददाता, करनाल : जिला पुलिस की ओर से जुलाई-अगस्त में विद्यार्थी, नागरिक, संवाद के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने बताया कि नागरिक भागीदारी से नई पीढ़ी को जागृत करने के लिए ज्ञान के मंदिरों में अभियान चलाकर सुरक्षित करनाल-स्वस्थ करनाल की अवधारणा को साकार करेगी।

लघु सचिवालय के सभागार में पुलिस महानिरीक्षक योगेंद्र नेहरा ने कहा कि कानून पढ़कर ही नहीं कानून को व्यवहार में जीकर नई पीढ़ी बेहतर समाज बनाने का कार्य करेगी। सड़क सुरक्षा सिर्फ नारा नहीं है, जीवन जीने का तरीका है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एक सर्वे से पता चला है कि नशे की लत बढ़ती जा रही है। जिसके मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में नागरिक संवाद आयोजित कर नशे के शिकार नागरिकों को नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि जिस प्रकार शैक्षणिक संस्थाओं में प्राचार्य और प्रबंधकों ने प्रत्येक विद्यार्थी के अभिभावकों से आवेदन के समय ही शपथ दिलाकर रैगिग प्रथा को खत्म किया। वैसे ही अब दाखिले के समय ही सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों परिसर में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी छात्र नशे की लत में न आए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शैक्षणिक सत्र के आरंभ में पहले दिन ही सभी महाविद्यालयों में ओरिएंटिएशन कैंप के माध्यम से सड़क सुरक्षा जीवन रक्षक, नशामुक्त समाज, दुर्गा शक्ति एप्प, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे विषयों से रूबरू करवाया जाएगा। जागरूकता अभियान में नाटक, फिल्म, कला प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। करनाल में सभी गैर सरकारी संस्थाओं की सक्रिय हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी। सामुदायिक पुलिसिग की अवधारणा को साकार करने के लिए समाज के हर वर्ग को इस अभियान का सहयात्री बनाया जाएगा। अभियान के समापन पर पुलिसकर्मी नागरिक संगठनों के साथ मिलकर मानव श्रृंखला आयोजित करेंगे। इस अभियान का थीम आजादी के रंग-जीवन के संग होगा।

डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरपी सैनी, दयाल सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्रशेखर, पंडित चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-14 के प्राचार्य डॉ. रेखा शर्मा, राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुराधा पुनिया ने संयुक्त रूप से कहा कि जो भी पुलिस अथवा प्रशासन की ओर से गतिविधियां चलाई जाएंगी उनमें हमारा पूर्ण सहयोग किया जाएगा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी