विकराल हो रही पेयजल और सीवरेज की समस्या, लोगों ने किया प्रदर्शन

कस्बे में सीवरेज की बदहाल स्थिति की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। हालात इस कदर खराब हैं कि ओवरफ्लो सीवरेज का पानी घरों-गलियों में हिलोरे मार रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 31 Mar 2021 06:54 AM (IST) Updated:Wed, 31 Mar 2021 06:54 AM (IST)
विकराल हो रही पेयजल और सीवरेज  की समस्या, लोगों ने किया प्रदर्शन
विकराल हो रही पेयजल और सीवरेज की समस्या, लोगों ने किया प्रदर्शन

संवाद सहयोगी, कलायत : कस्बे में सीवरेज की बदहाल स्थिति की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। हालात इस कदर खराब हैं कि ओवरफ्लो सीवरेज का पानी घरों-गलियों में हिलोरे मार रहा है। साथ ही पेयजल सप्लाई में सीवरेज के गंदे पानी की भारी दुर्गंध है। कोरोना संकट के बीच गंभीर रूप धारण कर चुकी इस समस्या को लेकर मंगलवार को वार्ड 11 के लोगों के सब्र का बांध टूट गया। श्री जाहर वीर गोगा पीर की गली में एकजुट महिलाओं, युवाओं और बड़े-बुजुर्गों ने जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों को हकीकत का आइना दिखाने के लिए लोगों ने अपने स्तर पर ओवरफ्लो सीवरेज मेनहालों की सफाई का मिशन शुरू किया। बगैर संसाधन हादसे की संभावना को देखते हुए बुजुर्गों ने युवाओं को सीवरेज की सफाई करने से रोक दिया। मुकेश देवी, सोनिया, जीना रानी, सुषमा रानी, सुनीता देवी, मनफूल सिंह, कृष्ण धीमान, राहुल ने कहा कि सरकार द्वारा निरंतर सेहत के प्रति हिदायतें दी जा रही हैं। विभाग की लापरवाही के कारण जिस प्रकार निकासी और पेयजल की व्यवस्था बिगड़ी है उससे मानवीय जीवन संकट में आ गया है। उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है।

पेयजल की समस्या उनके संज्ञान में आई : अशोक खंडूजा

जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता अशोक खंडूजा ने बताया कि सीवरेज और पेयजल की समस्या उनके संज्ञान में आई है। इससे संबंधित अधिकारियों को समस्या का हल करने के निर्देश दिए गए हैं। जो अधिकारी-कर्मचारी जन स्वास्थ्य निराकरण में कोताही करता है उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी