मौत बनी रहस्य, पत्नी फंदे पर लटकी, पति लापता

रोहतक में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। वहीं उसका पति भी लापता है। मायके पक्ष का आरोप है कि महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 10 Mar 2020 10:23 AM (IST) Updated:Tue, 10 Mar 2020 10:23 AM (IST)
मौत बनी रहस्य, पत्नी फंदे पर लटकी, पति लापता
मौत बनी रहस्य, पत्नी फंदे पर लटकी, पति लापता

हिसार/रोहतक, जेएनएन। नगर की एक कालोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। वहीं आरोप है कि रविवार दोपहर वारदात होने के बाद भी उसकी सास ने महिला को अस्पताल ले जाकर जांच नहीं कराने दी। रविवार देर रात मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने इसका विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। 

प्रीत विहार कालोनी निवासी पूनम का शव रविवार दोपहर उसके घर में ही फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि दोपहर में शव लटके होने के बाद भी उसके ससुरालीजनों ने उसे अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। इसी दौरान मृतका के बेटे द्वारा अपने ननिहाल पक्ष के लोगों को फोन पर पूनम की मौत की जानकारी दी।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतका के पति दीपक की तलाश की तो पाया कि वह रविवार दोपहर से ही लापता है। मृतका के पिता गुरुग्राम के पटौदी निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि दीपक ने ही उनकी बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटकाकर आत्महत्या दिखाने की कोशिश की है।

आरोप लगाया कि मृतका के अन्य ससुरालीजनों ने भी पूनम के शव को उतारकर अस्पताल ले जाकर जांच कराने के लिए जहमत नहीं उठाई। जिसके चलते उनके भी मिलीभगत होने की संभावना है। देर रात मौके पर पहुंचे पीडि़त परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

वहीं परिजनों ने शिवाजी कालोनी थाना पुलिस को लिखित शिकायत आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का दावा कर रही है। 

गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका 

मृतका के पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने पूनम की शादी वर्ष 2002 में दीपक से की थी। दीपक के पिता कुछ वर्ष पहले बीएसएनएल विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। शादी के बाद करीब छह साल सब ठीक रहा। लेकिन इसके बाद आरोपित दीपक ने नौकरी छोड़ दी। जिसके चलते वह रुपयों के लिए लगातार पूनम को परेशान करता था। बताया कि उन्होंने अपनी छोटी बेटी रितू की भी आरोपित दीपक के छोटे भाई के साथ शादी की थी। वारदात के दिन रितू अपने कमरे में ऊपर थी, जबकि पूनम और उसका पति नीचे कमरे में ही मौजूद था। 

फिलहाल मृतका का शव पोस्टमार्टम कराते हुए परिजनों को सौंपा है। मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मृतका के पति का अभी तक कोई पता नहीं है। फिलहाल आगे की जांच की जा रही है। 

- बलवंत सिंह, एसएचओ, थाना शिवाजी कालोनी।

chat bot
आपका साथी