राइजिंग हरियाणा प्रदर्शनी में नारियल से बनीं वस्‍तुएं रहीं आकर्षण का केंद्र

शहर के इतिहास में पहली बार लगी राइज इन प्रदर्शनी में उमड़े हजारों लोग। दो दिनों के अंदर राइजिंग हरियाणा 2019 प्रदर्शनी में 15 हजार से अधिक दर्शक शिरकत कर चुके हैं।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sat, 31 Aug 2019 01:46 PM (IST) Updated:Sat, 31 Aug 2019 01:46 PM (IST)
राइजिंग हरियाणा प्रदर्शनी में नारियल से बनीं वस्‍तुएं रहीं आकर्षण का केंद्र
राइजिंग हरियाणा प्रदर्शनी में नारियल से बनीं वस्‍तुएं रहीं आकर्षण का केंद्र

जेएनएन, हांसी : शहर के इतिहास में पहली बार आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी को दर्शकों का जबरदस्त रुझान मिल रहा है व आसपास के इलाकों से भी लोग प्रदर्शनी देखने आ रहे हैं। दो दिनों के अंदर राइजिंग हरियाणा 2019 प्रदर्शनी में 15 हजार से अधिक दर्शक शिरकत कर चुके हैं। प्रदर्शनी में ज्ञानवर्धक जानकारियों के अलावा घरेलू इस्तेमाल यूनीक चीजें भी मिल रही हैं। यहां नारियल के बुरादे से बने गमले, फुटपेड व बैंबू की लकड़ी से बनी कुर्सी, बैंबू की लड़की का आचार आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

बता दें कि रामलीला ग्राउंड में दो दिनों से राइज इन हरियाणा 2019 प्रदर्शनी चल रही है। जिसमें केंद्र व प्रदेश सरकार से जुड़े 35 से अधिक विभागों की स्टॉल लगी हुई हैं। इस प्रकार की बड़े स्तर की प्रदर्शनी शहर में पहली बार होने से लोगों में भी खूब क्रेज देखा जा रहा है। हांसी ही नहीं हिसार, जींद, भिवानी आदि शहरों से लोग प्रदर्शनी को देखने के लिए आ रहे हैं।

 आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार की प्रदर्शनी हरियाणा में भी पहली बार आयोजित हुई है जहां सरकार के प्रमुख विभागों की योजनाओं व शोध कार्यक्रमों की जानकारी एक छत के नीचे उपलब्ध है। प्रदर्शनी में 20 कालेजों के अलावा 40 स्कूलों के विद्यार्थी शिरकत कर चुके हैं। यहां टूरिज्म, हेल्थ, साइंस, रोजगार आदि की स्टॉलों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी मुहैया करवाई जा रही है। एनईएचएचडीसी की स्टॉल पर बैंबू से बनी चीजें उपलब्ध हैं जिनकी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। यहां 15 रुपये से लेकर 75 हजार तक का घरेलू इस्तेमाल का समान उपलब्ध है।

चार राज्यों में लग चुकी प्रदर्शनी

प्रदर्शनी का आयोजन करनी वाली तरमेय कंपनी के अधिकारी तरूण जैन ने बताया कि सरकार के द्वारा इसका आयोजन करने की जिम्मेदार उनकी कंपनी के पास है। अभी तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल के सोलन, देहरादून में इसका आयोजन किया जा चुका है। हरियाणा में पहली बार प्रदर्शनी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि सरकार का फोकस होता है कि देश के उन इलाकों में प्रदर्शनी लगाई जाए जो विकास के मामले में कहीं पिछड़े हुए हैं जिससे समाज के हाशिये पर जीवन यापन करने वाले तबके के पास सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंच सके।

प्रदर्शनी में ये हैं आकर्षण का केंद्र

- नारियल वेस्ट से बने घरेलू वस्तुएं

- बैंबू से बने कुर्सी, मेज व अन्य सामान

- बैंबू का आचार

- स्किल इंडिया की योजनाएं

- इसरो का अभियान

- परमाणु उर्जा से बिजली बनाने का प्रोजेक्ट

- देश के टूरिज्म से जुड़ी जानकारियां

chat bot
आपका साथी