सप्ताह का साक्षात्कार: होली पर हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की नजर

साइबर सिटी की पहचान पूरी दुनिया में बन चुकी है। इसे देखते हुए हर राष्ट्रीय या धार्मिक पर्व व त्यौहार के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 08 Mar 2020 04:36 PM (IST) Updated:Sun, 08 Mar 2020 04:36 PM (IST)
सप्ताह का साक्षात्कार: होली पर हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की नजर
सप्ताह का साक्षात्कार: होली पर हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की नजर

हर राष्ट्रीय या धार्मिक पर्व व त्यौहार के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। होली बड़े त्योहारों में से एक है। इसे लगभग सभी धर्म व समुदाय के लोग मनाने लगे हैं। जो लोग रंग नहीं खेलते हैं वे गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हैं लेकिन कुछ लोग जबरदस्ती किसी के ऊपर रंग डालने का प्रयास करते हैं या फिर कीचड़ डालने का प्रयास करते हैं। कुछ शराब के नशे में धुत होकर सड़कों पर निकल जाते हैं। ऐसे लोगों के पर नजर रखने के लिए गुरुग्राम पुलिस की क्या तैयारी है, सहित सुरक्षा से संबंधित कई अन्य विषयों को लेकर दैनिक जागरण के आदित्य राज ने पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकील से विस्तृत बातचीत की। प्रस्तुत हैं मुख्य अंश : शांति व सद्भाव के माहौल में होली संपन्न हो, इसके लिए तैयारी है?

- गुरुग्राम बहुत ही शांत जिला है। यहां के लोग बहुत अच्छे हैं। यहां की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां हर समुदाय के लोग आपस में बेहतर तरीके से संवाद करते हैं। संवाद किसी भी समस्या का सबसे बेहतर समाधान है। संवाद करने की वजह से ही गुरुग्राम में कई बड़े मामले आसानी से सुलझे हैं। जहां तक पुलिस का सवाल है तो होली के दौरान कानून-व्यवस्था बेहतर रहे, कोई कानून के साथ खिलवाड़ न करे, इसके लिए तैयारी कई दिन पहले से ही शुरू कर दी गई है। सभी सहायक पुलिस आयुक्तों से लेकर जिला उपायुक्तों को अलर्ट कर दिया गया है। सभी अपने-अपने इलाकों में बारीकी से नजर रखेंगे। हुड़दंगियों के ऊपर नजर रखने के लिए क्या तैयारी है?

- हुड़दंगियों के ऊपर नजर रखने के लिए पूरी तैयारी की गई है। सभी थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की सभी टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। सभी अपने-अपने इलाकों में विशेष रूप से संदिग्धों के ऊपर नजर रखेंगे। इसी से ही हुड़दंगी नियंत्रण में रहेंगे। सभी चौराहों के नजदीक पुलिस तैनात रहेगी। ट्रैफिक पुलिस भी सक्रिय रहेगी। हुड़दंग मचाते हुए जो भी दिखाई देगा, उसे काबू किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के ऊपर नजर रहेगी। नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना होने का खतरा अधिक रहता है। किसी भी कीमत पर कानून से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। जिसके बारे में जिस समय शिकायत मिलेगी, कार्रवाई की जाएगी। किसी की मां-बेटी के सम्मान के साथ खिलवाड़ न करें। होली के दौरान नशीले पदार्थो की तस्करी बढ़ने की आशंका अधिक रहती है?

- शराब के साथ ही सभी प्रकार के नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिदिन विभिन्न इलाकों से दो-चार आरोपित पकड़े जा रहे हैं। स्थानीय थाना पुलिस से लेकर क्राइम ब्रांच की सभी टीमें भी इसपर नजर रख रही हैं। इस वजह से पिछले कुछ महीनों के दौरान भारी मात्रा में शराब बरामद हो चुकी है। गांजा, चरस या अफीम की तस्करी करने वालों पर भी नजर है। जहां से जिस समय सूचना मिलती है, उसी समय कार्रवाई की जाती है। इस बारे में सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है। होली को देखते हुए सभी टीमों को और अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। होली को लेकर आप लोगों को क्या संदेश देना पसंद करेंगे?

- मैं यही संदेश देना चाहता हूं कि होली का त्यौहार मिठाइयां बांटकर मनाएं। एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर मनाएं। केमिकल रंगों का इस्तेमाल न करें। यह स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है। इससे कई प्रकार की बीमारियां बाद में पैदा हो जाती हैं। खासकर चर्म रोग बढ़ जाते हैं। बाल भी खराब हो जाते हैं। शराब पीकर वाहन न चलाएं। किसी को जबर्दस्ती रंग न लगाएं। किसी के ऊपर कीचड़ न डालें। कहने का अभिप्राय यह है कि कोई भी ऐसा कार्य न करें, जिससे खुद को या दूसरे को परेशानी हो। एक बात और, जहां कहीं भी कुछ भी संदिग्ध दिखाई दे, तत्काल पुलिस को सूचना दें। उसी समय टीम मौके के लिए रवाना हो जाएगी। सूचना देने वालों के नाम सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। सभी लोग कानून का सम्मान करें। कानून के सम्मान से ही व्यवस्था बेहतर होगी।

::::: परिचय :::::

नाम : मोहम्मद अकील

जन्मतिथि : एक जनवरी 1966

शिक्षा : बीटेक (सिविल इंजीनियरिग)

सेवा : 1989 बैच के हरियाणा कैडर के आइपीएस। कई जिलों में पुलिस अधीक्षक रहे। पदोन्नति के बाद पुलिस महानिरीक्षक (लॉ एंड आर्डर) की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस महानिरीक्षक से पदोन्नत होने के बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड आर्डर) की जिम्मेदारी सौंपी गई। केंद्र में कई साल डेपुटेशन पर रहे। वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) के साथ ही गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी