नीलम अपने घर में ही चलाती थी फर्टिलिटी केयर सेंटर

किराए की कोख (सरोगेसी) के कारोबार में आगरा पुलिस की पकड़ में आई आरोपित नीलम तिलपत पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिरधावर एन्क्लेव के अपने घर में ही फर्टिलिटी केयर सेंटर चलाती थी। वह अपनी सुविधा के अनुसार सेरोगेट मदर को पहले से किराए का मकान भी उपलब्ध करा देती थी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Jul 2020 08:17 PM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 06:15 AM (IST)
नीलम अपने घर में ही चलाती 
थी फर्टिलिटी केयर सेंटर
नीलम अपने घर में ही चलाती थी फर्टिलिटी केयर सेंटर

अनिल बेताब, फरीदाबाद : किराए की कोख (सरोगेसी) के कारोबार में आगरा पुलिस की पकड़ में आई आरोपित नीलम तिलपत पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिरधावर एन्क्लेव के अपने घर में ही फर्टिलिटी केयर सेंटर चलाती थी। वह अपनी सुविधा के अनुसार सेरोगेट मदर को पहले से किराए का मकान भी उपलब्ध करा देती थी। यह दोनों बातें तब सामने आईं, जब आगरा पुलिस नीलम को लेकर उसके घर पहुंची और घर की जांच की गई।

यहां पुलिस को नीलम फर्टिलिटी केयर सेंटर चलाने संबंधी कई दस्तावेज भी मिले हैं। फतेहाबाद (आगरा) थाना पुलिस निरीक्षक तथा जांच अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने सारे दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं। पल्ला पुलिस को साथ लेकर जब आगरा पुलिस की टीम नीलम के घर पहुंची, वहां ताला लगा हुआ था। ताला तुड़वाया गया। यहां जांच-पड़ताल के बाद आगरा पुलिस की टीम रूबी के घर भी गई, जहां रूबी किराये पर रहती थी।

19 जून को आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पुलिस ने मानव तस्करी की सूचना पर दो वाहनों में नीलम, रूबी, राहुल, अमित और प्रदीप को गिरफ्तार किया था। इनसे तीन बच्चियां भी बरामद की गई थीं। नीलम पर अवैध रूप से सरोगेसी कराने का आरोप है। यह बात भी सामने आई कि नीलम ने फरीदाबाद में रूबी और विमला देवी की डिलीवरी कराई थी। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि अभी जांच चल रही है। इसलिए ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है। नीलम ने ही रूबी को दिलाया था किराये का मकान

नीलम ने ही रूबी को करीब 6 महीने पहले धीरज नगर गली नंबर तीन में किराए पर मकान दिलवाया था। आगरा पुलिस जब शनिवार शाम रूबी के घर पहुंची, तो मकान मालिक ने पुलिस को जानकारी दी कि वह रूबी को नहीं जानते थे। नीलम के कहने पर रूबी को किराए पर कमरा दिया गया था। उन्होने रूबी के पति को कभी नहीं देखा। रूबी कई-कई दिनों तक घर नहीं आती थीं। उन्हें रूबी के पति के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। सीसीटीवी फुटेज से खुलेंगे कई भेद

नीलम के घर में जब पुलिस टीम पहुंची, तो भीतर सीसीटीवी कैमरे चालू थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क अपने कब्जे में ले ली है। बंद कमरे की सीसीटीवी फुटेज से भी कई भेद खुल सकते हैं।

chat bot
आपका साथी