दीप जलाकर कोरोना को मिटाने का लिया संकल्प

जागरण संवाददाता फरीदाबाद देश भर में रात नौ बजे नौ मिनट तक लाइट बंद कर दीये या कैंडल जलाने से कोरोना से लड़ने की ताकत मिली है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Apr 2020 09:27 PM (IST) Updated:Mon, 06 Apr 2020 06:14 AM (IST)
दीप जलाकर कोरोना को मिटाने का लिया संकल्प
दीप जलाकर कोरोना को मिटाने का लिया संकल्प

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : यह युद्ध कुछ अलग किस्म का है। जंग दुश्मन देश के साथ नहीं है, बल्कि एक रोग से है। ऐसा रोग, जो पूरे विश्व में फैला हुआ है, जिसने तबाही मचाई हुई है। कोरोना नामक इस रोग को अपने देश में फैलने से रोकने के लिए तमाम उपाय हो रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया था कि रविवार रात को 9 बजे 9 मिनट तक सभी लोग अपने घर-आंगन में दीप जलाएं। मोमबत्ती की रोशनी से उजियारा फैलाएं। इधर, जैसे ही घड़ी की सुइयां 9 बजने का संकेत देती नजर आई, तो लोगों ने घर के अंदर की लाइट्स बंद कर दी और उस प्रज्ज्वलित हो गए दीप। किसी ने दीप जलाए, तो किसी ने मोमबत्ती। कोई मोबाइल की टार्च से रोशनी बिखेरता नजर आया। साथ ही एकजुट होकर कोरोना नामक वैश्रि्वक महामारी से लड़ने का संकल्प भी दोहराया।

आम हों या खास। जनप्रतिनिधियों से लेकर चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और विद्वानों, शिक्षाविदों आदि सभी ने दीप जलाए। सभी ने भगवान से, वाहेगुरु अकालपुरख, अल्लाह, ईसा मसीह से और अपने-अपने आराध्य देवी-देवताओं से यह विनती की कि कोरोना के खिलाफ जंग जीतने में मदद करें। इस देश से कोरोना बाहर जाए और सभी स्वस्थ रहें और उनके जीवन में खुशियों की रोशनी बिखरे।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायकों नरेंद्र गुप्ता, सीमा त्रिखा, राजेश नागर, नयनपाल रावत और नीरज शर्मा, जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एमसी मित्तल, सीएम के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, जिला उपायुक्त यशपाल यादव, निगमायुक्त डॉ.यश गर्ग, महापौर सुमन बाला, वरिष्ठ उपमहापौर देवेंद्र चौधरी, उप महापौर मनमोहन गर्ग, कारोबारी मनमोहन गुप्ता, जजपा जिलाध्यक्ष राजाराम, फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान बीआर भाटिया, उद्योगपति केसी लखानी, भाजपा नेता श्याम सुंदर कपूर, उद्यमी एमपी रूंगटा, जेपी मल्होत्रा, शम्मी कपूर, एसएस बांगा सहित तमाम बड़ी शख्सियतों ने दीप जलाकर कोरोना के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। वर्जन..

दीये जलाकर हमने कोरोना वायरस जैसी महामारी से लड़ने के लिए एकजुटता दिखाई है। आमजन के अंदर न केवल जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि इस बीमारी से लड़ने का हौसला भी आएगा। हम सभी को सजग रहकर इस बीमारी को हराना है। इस तरह का संदेश दीया जलाकर देशवासियों ने दिया है।

-यशपाल यादव, जिला उपायुक्त।

लॉकडाउन के दौरान बहुत से लोग निराश हो रहे हैं। मोदी जी जिस तरह सीधा हर नागरिक से जुड़े रहे हैं, इसके बेहतर परिणाम मिलेंगे। सबको लॉकडाउन का पालन करना चाहिए। हमने दीये जलाकर कोरोना को हराने का संकल्प दोहराया है।

-डॉ.सुरेश अरोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन।

नौ मिनट कैंडल जलाने का संदेश यही है कि सब एकजुट होकर इस जंग को जीत लें। दीया जलाने से सकारात्मक सोच विकसित होती है। मोदी जी की तरह डॉक्टर भी यही चाहते हैं कि हर नागरिक के जीवन में खुशियों की रोशनी रहे।

-डॉ.पुनीता हसीजा, अध्यक्ष, आइएमए।

कोरोना के खिलाफ युद्ध में हम सब साथ हैं। हमने प्रधानमंत्री मोदी जी के आह्वान पर दीया जलाया। दीप जलेंगे, तो अंधकार दूर होगा। घर से बाहर न निकलें। आदेशों का पालन करें, तभी कोरोना को हम सब हरा पाएंगे।

-डॉ.यश गर्ग, निगमायुक्त।

हमारी भारतीय संस्कृति में दीप जलाने का अपना महत्व है। दीप जलने से कीटाणुओं का नाश होता है। हमारे आश्रम में सभी ने दीप जलाए। हम सबकी जिम्मेदारी है कि लॉकडाउन के नियमों का भी पालन करें। घर से बाहर न निकलें। इसी में देश का भला है।

-डॉ.ओम प्रकाश, संस्थापक ओम योग संस्थान हमने पूरी दुनिया की सलामती के लिए दुआ की है और दीये भी जलाए हैं। आज हमें अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों पर अमल करने की जरूरत है। लॉकडाउन के नियम न तोड़ें। घरों में ही रहें।

-मुफ्ती मुस्तिजाबुद्दीन, इमाम, ओल्ड फरीदाबाद ईदगाह मस्जिद।

chat bot
आपका साथी