24 घंटों में 2 डिग्री गिरा तापमान, शीतलहर की चपेट में लोग

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : सोमवार को मकर संक्राति पर्व पर दिन भर खुलकर धूप निकलने के

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jan 2019 11:12 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jan 2019 11:12 PM (IST)
24 घंटों में 2 डिग्री गिरा तापमान, शीतलहर की चपेट में लोग
24 घंटों में 2 डिग्री गिरा तापमान, शीतलहर की चपेट में लोग

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : सोमवार को मकर संक्राति पर्व पर दिन भर खुलकर धूप निकलने के बावजूद दिन रात बर्फीली हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहा। आमतौर पर माना जाना जाता है कि मकर सक्रांति के बाद से मौसम में बदलाव का सिलसिला शुरू हो जाता है लेकिन जानकारों का कहना है कि इस बार पूरे जनवरी माह में कड़ाके की ठंड पड़ने, शीतलहर चलने का दौर जारी रह सकता है। सोमवार को दादरी जिले में अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले तीन चार दिनों की अपेक्षा तापमान में गिरावट आने की वजह पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी को बताया गया है। त्यौहार के कारण जरूरत का सामान बेचने वाली दुकानों पर मिठाइयों, गज्जक, रेवड़ी, गर्म वस्त्रों की खासी बिक्री देखी गई। स्थानीय पटरी बाजारों में भी सुबह से सायं तक काफी बिक्री हुई। दादरी नगर के कुछ स्थानों पर अप्रवासी तिब्बत व नेपाल के लोगों द्वारा गर्म वस्त्रों जैसे स्वेटर, जर्सियां, जूतों इत्यादि की लगाई गई स्टालों पर भी खासी चहल पहल नजर आई। नए वर्ष के पहले सप्ताह से ही

शीतलहर चलने से दादरी जिले में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम की चपेट में आकर विशेषकर ठंड से प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इनमें

बुखार, जुकाम, वायरल के अलावा हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, श्वास, दमा, अस्थमा से प्रभावित मरीजों की खासी संख्या स्थानीय निजी व सरकारी अस्पतालों में देखी जा रही है।

जानकारों का कहना है कि अगले दो सप्ताहों तक ठंड पड़ने, शीत लहर चलने का सिलसिला बना रह सकता है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में मौसम में तबदीली आनी शुरू होगी।

बाक्स

सावधानियां बरतनी जरूरी : डा. देशवाल

दादरी नगर के चिकित्सक मेजर डा. योगेन्द्र देशवाल ने कहा कि ठंड व शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानियां रखनी जरूरी है। इस मौसम में विशेषकर हृदय रोग, उच्च रक्तचाप व दमा से प्रभावित मरीजों के प्रति विशेष ध्यान रखना चाहिए। जहां तक संभव हो सुबह, शाम व रात को खुले में आने जाने से बचना चाहिए। शरीर के सभी अंगों को गर्म वस्त्र से ढके रखना जरूरी है।

बाक्स

दादरी जिले में पिछले सात दिनों का तापमान

वार दिनांक अधिकतम न्यूनतम

सोमवार 14.01.19 19 5

रविवार 13.01.19 21 7

शनिवार 12.01.19 21 8

शुक्रवार 11.01.19 21 8

बृहस्पतिवार 10.01.19 21 7

बुधवार 09.01.19 20 6

मंगलवार 08.01.19 19 7

chat bot
आपका साथी