शहर और गांवों में खुशी के रंगों के साथ मना फाग उत्सव

जागरण संवाददाता चरखी दादरी हर वर्ष की भांति इस बार भी दादरी जिले में फाग उत्सव हर्षोल्ल

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Mar 2019 11:49 PM (IST) Updated:Fri, 22 Mar 2019 11:49 PM (IST)
शहर और गांवों में खुशी के रंगों के साथ मना फाग उत्सव
शहर और गांवों में खुशी के रंगों के साथ मना फाग उत्सव

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :

हर वर्ष की भांति इस बार भी दादरी जिले में फाग उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। एकाध जगहों पर मामूली झगड़े भी हुए लेकिन कुल मिलाकर फाग उत्सव शांति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

लोगों ने पारम्परिक तरीके से एक-दूसरे को बधाई दी।

वहीं देवर भाभी के बीच कोरड़ा मार होली भी खूब खेली गई। कोरड़ा मार फाग को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। खासकर गांव की गलियों में सारा दिन देवर-भाभियों के बीच खेल का यह दौर जारी रहा। फाग उत्सव पर लोगों ने एक दूसरे को त्योहार की खुशी बांटते हुए रंग-गुलाल भी लगाया। बच्चों ने भी फाग उत्सव का लुत्फ उठाया। अधिकतर गांवों के बस स्टाप, नगर की कालोनियों में डीजे की फिल्मी धुनों पर युवाओं की टोलियां खुब थिरकती दिखाई दी। छोटे बच्चों की टोलियों के हाथों में रंग-गुलाल एवं पानी की बाल्टियां थीं जो आने-जाने वालों पर पर्व की बधाई स्वरूप रंग-गुलाल व पानी डाल रहे थे। शहरी क्षेत्र में भी फाग उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। दादरी नगर के कई मोहल्लों में छोटे बच्चों से लेकर युवा व बुजुर्ग भी होली के रंग में रंगे नजर आए। ढोल नगाड़ों की धुन पर नाचते गाते युवाओं की टोलियां एक दूसरी कालोनियों से गुजरी।

वहीं होली खेलने के लिए दूर दराज रहने वाले लोग भी अपने पैतृक गांवों, कस्बों में पहुंचे। हालांकि बदलते परिवेश के साथ त्यौहार की रौनक पहले जैसी नहीं रही है लेकिन फिर भी दादरी नगर के पुराने शहर व बड़े गांवों में आज भी परंपराएं निभाई जा रही है। इसी के साथ नगर में कई स्थानों पर बेहद सादगीपूर्ण माहौल में फाग उत्सव मनाया गया। वहां लोगों ने एक दूसरे के माथे पर तिलक लगाया तथा त्यौहार की शुभकामनाएं दी। कुछ भागों में सत्संग, यज्ञ, धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

chat bot
आपका साथी