Box Office: यह रिकॉर्ड बनाने के लिए रणबीर के सामने सलमान और दीपिका की चुनौती!

'रेस 3' और 'पद्मावत' की तरह 'संजू' को फेस्टिवल टाइम का फ़ायदा नहीं मिल रहा है। 'रेस 3' ईद के मौक़े पर रिलीज़ हुई थी, जबकि 'पद्मावत' गणतंत्र दिवस के अवसर पर।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Tue, 19 Jun 2018 12:29 PM (IST) Updated:Sat, 30 Jun 2018 01:40 PM (IST)
Box Office: यह रिकॉर्ड बनाने के लिए रणबीर के सामने सलमान और दीपिका की चुनौती!
Box Office: यह रिकॉर्ड बनाने के लिए रणबीर के सामने सलमान और दीपिका की चुनौती!

मुंबई। साल 2018 की पहली छमाही की आख़िरी फ़िल्म 'संजू' इस शुक्रवार (29 जून) को रिलीज़ हो रही है। राजकुमार हिरानी निर्देशक हैं और रणबीर कपूर संजय दत्त के रोल में हैं। दर्शकों को एक्साइट करने के लिए वैसे तो इतना ही काफ़ी है, मगर जब से ट्रेलर आया, संजू को लेकर दर्शकों का इंतज़ार बेसब्र हो गया है।

हिरानी के बॉक्स ऑफ़िस इतिहास को देखते हुए 'संजू' से किसी चमत्कार की उम्मीद की जा रही है। ट्रेड पंडित भी मानते हैं कि फ़िल्म के ओपनिंग कलेक्शन के आंकड़े ऐतिहासिक हो सकते हैं और जब ऐसी चर्चा चलती है तो सवाल उठता है, क्या 'संजू' रेस 3 और 'पद्मावत' को पीछे छोड़ पाएगी? 

इसी महीने में 15 जून को आयी सलमान ख़ान की 'रेस 3' ने वैसे तो बॉक्स ऑफ़िस पर अपेक्षा से कमतर प्रदर्शन किया है, मगर फिर भी फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 106.47 करोड़ का कलेक्शन किया था, जो इस साल का दूसरा सबसे बड़ा कलेक्शन है। पहली छमाही का दूसरा सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड करने के लिए रणबीर को सलमान की फ़िल्म को पीछे छोड़ना होगा, मगर पहली छमाही में टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड्स की लिस्ट को टॉप करने के लिए रणबीर को अपनी एक्स गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण की चुनौती स्वीकार करनी होगी, जिनकी फ़िल्म 'पद्मावत' ने 114 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया है।

ख़ास बात यह है कि 'रेस 3' और 'पद्मावत' की तरह 'संजू' को फेस्टिवल टाइम का फ़ायदा नहीं मिल रहा है। 'रेस 3' ईद के मौक़े पर रिलीज़ हुई थी, जबकि 'पद्मावत' गणतंत्र दिवस के अवसर पर। फिलहाल Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट इस प्रकार है-

10. ओपनिंग वीकेंड में 20.25 करोड़ जमा करके शूजित सरकार की 'अक्टूबर' दसवें स्थान पर है। इस रोमांटिक फ़िल्म में वरुण धवन ने पहली बार शूजित के साथ काम किया है। अक्टूबर से बॉलीवुड को बनीता संधू के रूप में नई एक्ट्रेस मिली है।

9. नौवें स्थान पर जॉन अब्राहम की फ़िल्म 'परमाणु द स्टोरी ऑफ़ पोखरण' है, जिसने 20.78 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया। इस फ़िल्म को अभिषेक शर्मा ने निर्देशित किया था। भारत के दूसरे परमाणु परीक्षण की घटना पर आधारित फ़िल्म में जॉन ने सुरक्षा अधिकारी का किरदार निभाया। डायना पेंटी फीमेल लीड रोल में थीं।

8. आठवें स्थान पर इस साल की सरप्राइज़ हिट 'सोनू के टीटू की स्वीटी' है। इस फ़िल्म को लव रंजन ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले प्यार का पंचनामा सीरीज़ बनाते रहे हैं। लव की इसी विश्वसनीयता ने सोनू के टीटू की स्वीटी को शानदार ओपनिंग वीकेंड दिया। फ़िल्म ने 26.57 करोड़ पहले तीन दिन में जमा किये। 100 करोड़ से ज़्यादा जमा करके फ़िल्म सुपरहिट घोषित की गयी।

7. सातवें स्थान पर आलिया भट्ट की 'राज़ी' है, जिसने ओपनिंग वीकेंड में 32.94 करोड़ जमा किये। मेघना गुलज़ार निर्देशित 'राज़ी' इस साल की शानदार फ़िल्मों में शामिल है। हरिंदर सिक्का के नॉवल कॉलिंग सहमत पर बनी फ़िल्म में आलिया ने कश्मीरी लड़की का रोल निभाया, जो जासूसी के लिए पाकिस्तान जाती है।

6. छठे स्थान पर आ गयी है 'वीरे दी वेडिंग', जिसने ओपनिंग वीकेंड में 36.52 करोड़ जमा किये हैं। इस लिस्ट में आख़िरी एंट्री 'वीरे दी वेडिंग' की हुई है, जिसने ओपनिंग वीकेंड में 36.52 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। एक जून को रिलीज़ हुई फ़िल्म को शशांक घोष ने डायरेक्ट किया है। चार दोस्तों की इस कहानी में करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया और सुमित व्यास ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं।

5. ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन की लिस्ट में पांचवें नंबर पर 'पैडमैन' है, जिसने 40.05 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस बायोपिक फ़िल्म में अक्षय कुमार ने अरुणाचलम मुरुगनाथम का किरदार निभाया, जबकि राधिका आप्टे उनकी पत्नी के किरदार में थीं। सोनम कपूर ने भी फ़िल्म में एक अहम किरदार प्ले किया था। अक्षय और निर्देशक आर बाल्की का ये पहला एसोसिशन था। 'पैडमैन' हिट रही।

4. चौथे स्थान पर है राजकुमार गुप्ता निर्देशित 'रेड', जिसने ओपनिंग वीकेंड में 41.01 करोड़ जमा किये। इस फ़िल्म में अजय देवगन ने इनकम टैक्स अधिकारी का रोल निभाया। इलियाना डिक्रूज़ ने उनकी पत्नी का किरदार प्ले किया। 100 करोड़ से अधिक कमाकर ये फ़िल्म भी हिट रही।

3. ओपनिंग वीकेंड की लिस्ट में तीसरे स्थान पर टाइगर श्रॉफ़ की 'बाग़ी2' है, जिसे अहमद ख़ान ने डायरेक्ट किया। इस एक्शन-रोमांटिक फ़िल्म में दिशा पाटनी पहली बार टाइगर के साथ आयीं। एक्शन को लेकर टाइगर की इमेज के चलते फ़िल्म ने 73.10 करोड़ का शानदार ओपनिंग वीकेंड किया।

2. दूसरे स्थान पर आ गयी है रेस 3, जिसने ओपनिंग वीकेंड में 106.47 करोड़ जमा किया है। रेमो डिसूज़ा निर्देशित फ़िल्म में सलमान के अलावा बॉबी देओल, जैकलीन फ़र्नांडिस, अनिल कपूर, साक़िब सलीम और डेज़ी शाह ने मुख्य किरदार निभाये हैं।

1. Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट में टॉप पर बनी हुई है 'पद्मावत'। संजय लीला भंसाली की इस मैग्नम ओपस ने 114 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसमें 19 करोड़ पेड प्रीव्यूज़ का भी शामिल है। पद्मावत काफ़ी समय तक विवादों में भी रही थी, जिसकी वजह से इसे 2017 से हटाकर 2018 में रिलीज़ किया गया। फ़िल्म में दीपिका पादुकोण ने चित्तौड़ की रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने राजा महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया था। पद्मावत 2018 की पहली 300 करोड़ की फ़िल्म भी है। हालांकि बजट अधिक होने की वजह से फ़िल्म बहुत फ़ायदे में नहीं माना गया है।

 

इस लिस्ट में अब बदलाव की सम्भावना 29 जून के बाद होगी, जब 'संजू' सिनेमाघरों में पहुंचेगी। राजकुमार हिरानी निर्देशित इस फ़िल्म में रणबीर कपूर मुख्य किरदार निभा रहे हैं। दर्शकों के साथ ट्रेड को भी 'संजू' से काफ़ी अपेक्षाएं हैं।

chat bot
आपका साथी