स्ट्रीट डांसर में इस YouTube Star से प्रेरित है वरुण धवन का लुक, दो साल पहले हादसे में हो चुकी मौत
Varun Dhawan Look in Street Dancer 3 D वरुण ने बताया कि निर्देशक रेमो डिसूज़ा ने इस लुक के बारे में सुझाव दिया था जबकि सेलेब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हाकिम ने इसे अंजाम दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। वरुण धवन की अगली फ़िल्म स्ट्रीट डांसर 3 डी रिलीज़ के लिए तैयार है। इस फ़िल्म में वरुण धवन एक ज़बर्दस्त डांसर सहेज के रोल में नज़र आएंगे। फ़िल्म में उनका लुक काफ़ी डिफरेंट है। वरुण ने अब खुलासा किया है कि उन्हें इस लुक की प्रेरणा यू-ट्यूब स्टार दानिश ज़हन से मिली है। दुखद पहलू यह है कि दानिश की मृत्यु 2018 में हो चुकी है।
वरुण ने इंस्टाग्राम पर दानिश के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा है- स्ट्रीट डांसर में सहेज के लुक के पीछे हैंडसम दानिश की प्रेरणा थी। दानिश अब इस दुनिया में नहीं है और अब बेहतर जगह पर है। लेकिन उसे आज भी तमाम लोग प्यार करते हैं। इसलिए मुझे लगा कि लोगों के साथ यह शेयर करना चाहिए कि उसने हमें भी प्रेरित किया है। वरुण ने बताया कि निर्देशक रेमो डिसूज़ा ने इस लुक के बारे में सुझाव दिया था, जबकि सेलेब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हाकिम ने इसे अंजाम दिया है। वरुण ने दानिश को लव और रेस्पेक्ट भी लिखा। View this post on Instagram A post shared by Varun Dhawan (@varundvn) on Jan 3, 2020 at 12:14am PST
दानिश बेहद लोकप्रिय यू-ट्यूबर थे, जिन्होंने एस ऑफ़ स्पेस रिएलिटी शो में भी हिस्सा लिया था। 20 दिसम्बर 2018 को दानिश की नवी मुंबई के सायन-पनवेल हाइवे पर दुर्घटना में मौत हो गयी थी। स्ट्रीट डांसर 3 डी रेमो डिसूज़ा की डांस फ्रेंचाइजी एबीसीडी की तीसरी कड़ी है।
फ़िल्म में श्रद्धा कपूर फीमेल लीड रोल में हैं। इससे पहले एबीसीडी 2 में भी वरुण और श्रद्धा ने लीड रोल्स निभाये थे। 24 जनवरी को रिलीज़ हो रही स्ट्रीट डांसर में नोरा फतेही भी एक अहम किरदार में दिखेंगी। 2019 में वरुण की कलंक रिलीज़ हुई थी, जो बॉक्स ऑफ़िस पर नहीं चली।