Telugu Film Jersey को मिले दो राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों ने बढ़ाई शाहिद कपूर की चिंता, जानिए क्या है वजह

शाहिद की लगातार दूसरी तेलुगु फ़िल्म है जिसके रीमेक में वो लीड रोल निभा रहे हैं। इससे पहले 2019 में रिलीज़ हुई कबीर सिंह तेलुगु हिट अर्जुन रेड्डी का हिंदी रीमेक था। कबीर सिंह शाहिद के करियर की सबसे बड़ी कामयाबी बनी।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Tue, 23 Mar 2021 11:18 AM (IST) Updated:Tue, 23 Mar 2021 07:22 PM (IST)
Telugu Film Jersey को मिले दो राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों ने बढ़ाई शाहिद कपूर की चिंता, जानिए क्या है वजह
Shahid Kapoor plays lead in jersey. Photo- Instagram/ Shahid Kapoor

नई दिल्ली, जेएनएन। 22 मार्च को 67वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों का एलान किया गया, जिसमें तेलुगु फ़िल्म जर्सी के हिस्से भी दो पुरस्कार आये। जर्सी को बेस्ट तेलुगु फ़िल्म और बेस्ट एडिटर श्रेणियों में राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार के लिए चुना गया है। जर्सी की इस बड़ी उपलब्धि से बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर दबाव में आ गये हैं।

दरअसल, शाहिद ने जर्सी की टीम को बधाई देते हुए चुटकी ली है। उन्होंने सोशल मीडिया में इस जानकारी को साझा करते हुए लिखा- पूरी टीम को बहुत बधाई। इस अतिरिक्त दबाव के लिए शुक्रिया। शाहिद के ऐसा लिखने की वजह यह है कि इस फ़िल्म के हिंदी रीमेक में वो ख़ुद लीड रोल निभा रहे हैं, जो एक क्रिकेटर का है। इसीलिए क्रिकेट कमेंटरी के अंदाज़ में उन्होंने 'अतिरिक्त दबाव' शब्द का इस्तेमाल किया है। फ़िल्म इसी साल दिवाली पर 5 नवम्बर को रिलीज़ हो रही है। 

 

View this post on Instagram

A post shared by Shahid Kapoor (@shahidkapoor)

2019 में रिलीज़ हुई जर्सी स्पोर्ट्स ड्रामा है। फ़िल्म का निर्देशन गौतम तिन्ननूरी ने किया था। फ़िल्म में नानी और श्रद्धा साईंनाथ ने मुख्य किरदार निभाये थे। जर्सी की कहानी एक रणजी प्लेयर अर्जुन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे खेलों में राजनीति का शिकार होना पड़ता है। हिंदी वर्ज़न का निर्देशन भी गौतम ने ही किया है। इस फ़िल्म में शाहिद के साथ मृणाल ठाकुर और पंकज कपूर भी अहम किरदारों में दिखेंगे। 

जर्सी, शाहिद की लगातार दूसरी तेलुगु फ़िल्म है, जिसके रीमेक में वो लीड रोल निभा रहे हैं। इससे पहले 2019 में रिलीज़ हुई कबीर सिंह तेलुगु हिट अर्जुन रेड्डी का हिंदी रीमेक था। कबीर सिंह शाहिद के करियर की सबसे बड़ी कामयाबी बनी। इस फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर 200 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन किया था। 

दिवाली पर जर्सी के सामने अक्षय कुमार की फ़िल्म पृथ्वीराज होगी, जिसका निर्देशन डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है, जबकि यशराज फ़िल्म्स निर्माता हैं। इस फ़िल्म से पूर्व सुंदरी मानुषी छिल्लर बॉलीवुड में बतौर एक्ट्रेस अपनी पारी शुरू कर रही हैं। 

chat bot
आपका साथी