Valentine's Day: रोमांस की पाठशाला हैं प्रियंका और निक की हॉलीवुड से आयीं ये तस्वीरें...
इज़ इंट इट रोमांटिक 13 फरवरी को रिलीज़ हो गयी है। 11 फरवरी को लॉस एंजेलिस में इसका ग्रैंड प्रीमियर रखा गया था, जिसमें प्रियंका अपने हबी डियर निक जोनस के साथ शामिल हुईं।
मुंबई। शादी के बाद प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस का यह पहला वैलेंटाइन डे है। वैसे तो शादी के बाद प्रियंका और निक के रोमांस में बिल्कुल कमी नहीं आयी है, मगर वैलेंटाइन डे के मौक़े पर प्रियंका की हॉलीवुड फ़िल्म 'इज़ इंट इट रोमांटिक' (Isn't It Romantic) ने मिज़ाज सौ फ़ीसदी आशिक़ाना कर दिया है। तभी तो फ़िल्म के प्रीमियर के रेड कार्पेट पर प्रियंका और निक के बीच की कैमिस्ट्री किसी भी कपल के लिए रोमांस की पाठशाला से कम नहीं है।
'इज़ इंट इट रोमांटिक' 13 फरवरी को रिलीज़ हो गयी है। 11 फरवरी को लॉस एंजेलिस में इसका ग्रैंड प्रीमियर रखा गया था, जिसमें प्रियंका अपने हबी डियर निक जोनस के साथ शामिल हुईं। निक के साथ प्रियंकी की तस्वीरें देखकर आप भी कहेंगे- It is really Romantic. रेड कार्पेट पर प्रियंका और निक की कैमिस्ट्री देखी जा सकती है। फ्लोरल फ्रॉकनुमा गाउन में प्रियंका काफ़ी ख़ूबसूरत दिख रही थीं, तो निक मेहंदी रंग के सूट में परफेक्ट जेंटलमैन की तरह नज़र आये।
ख़ास बात यह है कि फ़िल्म भारत में रिलीज़ नहीं होगी, मगर फ़िक्र की कोई बात नहीं। अगर आप प्रियंका के फ़ैन हैं तो इस फ़िल्म को 28 फरवरी से नेटफ्ल्किस पर देख सकेंगे। टीवी सीरीज़ 'क्वांटिको' के बाद प्रियंका की यह तीसरी हॉलीवुड फ़िल्म है।
उन्होंने 'बेवॉच' से हॉलीवुड में डेब्यू किया था, जिसमें ड्वेन जॉनसन और ज़ैक एफ्रन के साथ प्रियंका नज़र आयी थीं। ख़ास बात यह है कि इस मौक़े पर भी दोनों ने रोमांटिक दिखने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
इस फ़िल्म में प्रियंका ने नेगेटिव रोल निभाया था। इसके बाद प्रियंका की 'अ किड लाइक जेक' आयी, जिसमें उनके साथ जिम पारसंस और क्लैरे डेंस ने अहम भूमिकाएं निभायीं। संयोग से 'इज़ इंट इट रोमांटिक' की तरह यह फ़िल्म भी भारत में रिलीज़ नहीं की गयी थी, सिर्फ़ अमेरिका और कुछ देशों में ही रिलीज़ हुई थी।
अब तीसरी फ़िल्म भारत में रिलीज़ नहीं होगी। प्रियंका ने अमेरिकन टीवी शो और मीडिया में अपनी फ़िल्म का ख़ूब प्रमोशन किया है।
'इज़ इंट इट रोमांटिक' में प्रियंका का रोल ज़्यादा बड़ा नहीं है। वो एक योग प्रचारक इज़ाबेला के रोल में हैं। फ़िल्म में लीड रोल रिबेल विल्सन निभा रही हैं, जिन्हें ओवरवेट दिखाया गया है। रिबेल के कैरेक्टर का नाम नैटली है, जो रॉम-कॉम से नफ़रत करती है। उसे सच्चे प्यार की तलाश है। इसी जर्नी के दौरान उसकी मुलाक़ात प्रियंका के किरदार से होती है। इनके अलावा लियाम हेम्सवर्थ भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। फ़िल्म का ट्रेलर नवंबर में रिलीज़ किया गया था। फ़िल्म में प्रियंका अपनी कुछ बॉलीवुड मूव्स भी दिखाते हुए नज़र आएंगी। Video: #IsntItRomantic cast arriving to the premiere @priyankachopra pic.twitter.com/ce0gPJ5s6y — Priyanka-Chopra.us (@PriyankaCentral) February 12, 2019
निक ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है- ''अपनी ख़ूबसूरत और हुनरमंद वाइफ़ प्रियंका और बाक़ी स्टार कास्ट पर मुझे गर्व है। यह फ़िल्म सबको देखनी चाहिए।'' इसके जवाब में प्रियंका ने लिखा है- ''तुम सबसे अच्छे पति हो।''
प्रियंका ने फ़िल्म की लीड एक्ट्रेस रिबेल विल्सन और दूसरे क्रू मेंबर्स की तारीफ़ करते हुए एक नोट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने सभी साथी कलाकारों की तारीफ़ की है। प्रियंका ने लिखा है- सभी तरफ़ ख़ुशियां और प्यार है। रिबेल विल्सन, हॉलीवुड में किसी महिला को अपने सपनों की फ़िल्म में देखना शानदार है। तुम्हारे पहले प्रोडक्शन के लिए मैं तुम्हें शुभकामनाएं दे रही हूं। A post shared by Priyanka Chopra Jonas (@priyankachopra) on Feb 11, 2019 at 11:32pm PST
प्रियंका इन दिनों लॉस एंजेलिस में अपने यू-ट्यूब शो If I Could Tell You Just One Thing की शूटिंग भी कर रही हैं। बॉलीवुड की बात करें तो प्रियंका अब फ़रहान अख़्तर के साथ 'स्काय इज़ पिंक' में दिखायी देंगी, जिसे शोनाली बोस डायरेक्ट कर रही हैं। इस फ़िल्म में प्रियंका ज़ायरा वसीम की मॉम के किरदार में नज़र आएंगी। सलमान ख़ान की 'भारत' से उनकी बॉलीवुड में वापसी होने वाली थी, मगर प्रियंका ने यह फ़िल्म छोड़ दी और उनकी जगह कटरीना कैफ़ ने ले ली। प्रियंका की पिछली फ़िल्म 2016 में आई जय गंगाजल है, जिसे प्रकाश झा ने डायरेक्ट किया था।