De De Pyaar De Box Office Day 17: तीसरे वीकेंड में मजबूत रही अजय देवगन की फ़िल्म, कमाये इतने करोड़

De De Pyaar De Box office Day 17 दे दे प्यार दे के सामने अब भारत की चुनौती है जो 5 जून (बुधवार) को रिलीज़ हो रही है। इसका असर फ़िल्म के कलेक्शंस पर पड़ने की पूरी सम्भावना है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Mon, 03 Jun 2019 03:17 PM (IST) Updated:Mon, 03 Jun 2019 03:17 PM (IST)
De De Pyaar De Box Office Day 17: तीसरे वीकेंड में मजबूत रही अजय देवगन की फ़िल्म, कमाये इतने करोड़
De De Pyaar De Box Office Day 17: तीसरे वीकेंड में मजबूत रही अजय देवगन की फ़िल्म, कमाये इतने करोड़

मुंबई। De De Pyaar De Box Office Collection Day 17 अजय देवगन की फ़िल्म 'दे दे प्यार दे' तीसरे वीकेंड में अच्छा प्रदर्शन किया है और अब 100 करोड़ के पड़ाव से ज़्यादा दूर नहीं हैै।  

शुक्रवार (31 मई) को फ़िल्म तीसरे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी। तीसरे वीकेंड में फ़िल्म ने ₹8.59 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर 17 दिनों में दे दे प्यार दे का नेट कलेक्शन ₹93.08 करोड़ हो चुका है। तीसरे वीकेंड में शुक्रवार को फ़िल्म ने ₹1.96 करोड़ का कलेक्शन किया, शनिवार को ₹2.82 करोड़ और रविवार को ₹3.81 करोड़ जुटाए। फ़िल्म को 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए अब महज़ 6.92 करोड़ चाहिए, जो चौथे वीकेंड तक मिलने की सम्भावना है। हालांकि दे दे प्यार दे की राह सलमान की मुश्किल कर सकती है। भारत 5 जून (बुधवार) को रिलीज़ हो रही है। ऐसे में दे दे प्यार दे के पास सोमवार और मंगलवार का वक़्त और है। इसके बाद भारत की वजह से दे दे प्यार दे के कलेक्शंस थम सकते हैं। सलमान की फ़िल्म बड़े पैमाने पर रिलीज़ की जा रही है और अधिकांश स्क्रींस इसे दे दी जाएंगी। 

दूसरे हफ़्ते में 23 करोड़ की कमाई

'दे दे प्यार दे' ने दूसरे शुक्रवार (24 मई) को ₹3.58 करोड़ जमा किये थे। शनिवार को ₹4.78 करोड़ और रविवार को ₹5.68 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे वीकेंड में ही फ़िल्म ने ₹14 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। इसके बाद सोमवार को ₹2.73 करोड़, मंगलवार को ₹2.37 करोड़, बुधवार को ₹2.23 करोड़ और गुरुवार ₹2.07 करोड़ जमा किये। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म ने ₹23.44 करोड़ का कलेक्शन किया। दो हफ़्तों बाद फ़िल्म का नेट कलेक्शन ₹84.49 करोड़ हो गया था।

पहले हफ़्ते में 61 करोड़ की कमाई

गुरुवार (23 मई) को De De Pyaar De ने ₹4.48 करोड़ के साथ सिनेमाघरों में 7 दिनों का पूरा सफ़र पूरा कर लिया था, जिसे मिलाकर पहले हफ़्ते में फ़िल्म की कमाई ₹61.05 करोड़ पर पहुंच गयी। वर्किंग वीक में सोमवार को फ़िल्म ने ₹6.19 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि मंगलवार को कलेक्शंस ₹6.10 करोड़ रहे थे। बुधवार को फ़िल्म ने 5.74 करोड़ की राशि जमा की थी। पहले हफ़्ते में दे दे प्यार दे के आंकड़ों में अधिक गिरावट नहीं आयी। हालांकि दे दे प्यार दे की रफ़्तार अजय की पिछली रिलीज़ टोटल धमाल से कम रही, जिसने पहले हफ़्ते में ₹94.55 करोड़ जमा किये थे। 

38 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड

17 मई को देशभर में 3100 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ हुई 'दे दे प्यार दे' को पहले दिन ₹10.41 करोड़ मिले थे, जिसे उम्मीद से कम बताया गया, मगर दूसरे दिन शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में जंप आया और ₹13.39 करोड़ की कमाई कर ली। रविवार को ₹14.74 करोड़ के कलेक्शन के साथ फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹38.54 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया था।

'दे दे प्यार दे' को अकीव अली ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और रकुलप्रीत मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'दे दे प्यार दे' की कहानी एक 50 साल के बिज़नेसमैन और उसकी 24 साल की गर्लफ्रेंड की लव स्टोरी पर आधारित है। फ़िल्म में तब्बू अजय की एक्स वाइफ़ और रकुल गर्लफ्रेंड के रोल में हैं। फ़िल्म को समीक्षकों ने भी सपोर्ट किया है। तब्बू के साथ अजय की पिछली फ़िल्म गोलमाल अगेन है, जबकि रकुल के साथ वो पहली बार पेयर अप हुए हैं।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी