Box Office Top 10 Opening Weekend Collection: सुपर 30 की एंट्री, 200 करोड़ से अधिक कमाने वाली यह फ़िल्म हुई बाहर

Super 30 Opening Weekend Collection किसी भी फ़िल्म की बॉक्स ऑफ़िस सफलता सुनिश्चित करने में ओपनिंग वीकेंड का अहम योगदान होता है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 15 Jul 2019 12:18 PM (IST) Updated:Mon, 15 Jul 2019 06:31 PM (IST)
Box Office Top 10 Opening Weekend Collection: सुपर 30 की एंट्री, 200 करोड़ से अधिक कमाने वाली यह फ़िल्म हुई बाहर
Box Office Top 10 Opening Weekend Collection: सुपर 30 की एंट्री, 200 करोड़ से अधिक कमाने वाली यह फ़िल्म हुई बाहर

नई दिल्ली, जेएनएन। रितिक रोशन (Hrithik Roshan) की फ़िल्म सुपर 30 (Super 30) ने बॉक्स ऑफ़िस पर ज़ोरदार प्रदर्शन करते हुए ओपनिंग वीकेंड में लगभग 50.76 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जिसके साथ सुपर 30 इस साल के टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस (Top 10 Opening Weekend Collections) में शामिल हो गयी है।

हैरान करने वाली बात यह है कि कबीर सिंह से पहले साल 2019 में सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट से बाहर हो गयी है। किसी भी फ़िल्म की बॉक्स ऑफ़िस सफलता सुनिश्चित करने में ओपनिंग वीकेंड का अहम योगदान होता है। आम तौर पर माना जाता है कि ओपनिंग वीकेंड में अच्छा कलेक्शन करने वाली फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर तगड़ी कमाई कर लेती हैं, मगर इसके अपवाद भी देखने को मिलते हैं। यानि ओपनिंग वीकेंड में अच्छी कमाई करने वाली फ़िल्मों का अंतिम नतीजा फ्लॉप होता है। बहरहाल, Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट में सुपर 30 की एंट्री हो गयी है। पूरी लिस्ट इस प्रकार है- 

यह भी पढे़ं: बढ़ रही है सुपर 30 की कमाई, जानिए ओपनिंग वीकेंड में किया कितना कलेक्शन

5 जून को रिलीज़ हुई सलमान ख़ान की भारत पहले स्थान पर है। फ़िल्म ने 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में 150.10 करोड़ रुपये का ज़बर्दस्त कलेक्शन किया था। हालांकि फ़िल्म का 3 दिनों का कलेक्शन भी 95.50 करोड़ रुपये रहा था। 22 मार्च को रिलीज़ हुई अक्षय कुमार की केसरी ने 78.07 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके ओपनिंग वीकेंड में दूसरे स्थान पर कब्ज़ा किया। वेलेंटाइन डे पर 14 फरवरी को आयी रणवीर सिंह की गली बॉय ओपनिंग वीकेंड में 72.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके तीसरे स्थान पर है। इस फ़िल्म को 4 दिनों का ओपनिंग वीकेंड मिला था। 21 जून को रिलीज़ हुई शाहिद कपूर की तूफ़ानी फ़िल्म कबीर सिंह ने 70.83 करोड़ रुपये जमा किये थे और ओपनिंग वीकेंड की लिस्ट में चौथे स्थान पर है। 17 अप्रैल को आयी करण जौहर की मल्टीस्टारर और मेगा बजट फ़िल्म कलंक ने 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में 66.03 करोड़ का बेहतरीन कलेक्शन किया था और इस लिस्ट में 5वें स्थान पर है, मगर लाइफ़ टाइम कलेक्शन के हिसाब से यह इस साल की सबसे अधिक निराश करने वाली फ़िल्मों में शामिल है।  ओपनिंग वीकेंड की लिस्ट में छठे स्थान पर मल्टीस्टारर फ़िल्म टोटल धमाल है, जिसने 62.40 करोड़ का कलेक्शन किया था।  12 जुलाई को रिलीज़ हुई रितिक रोशन की फ़िल्म सुपर 30 ने ओपनिंग वीकेंड में 50.76 करोड़ के आस-पास जमा किये हैं। इस लिहाज़ से टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में फ़िल्म सातवें स्थान पर आ गयी है।  25 जनवरी को आयी कंगना रनौत की मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी इस लिस्ट में आठवें स्थान पर है। फ़िल्म ने 42.55 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया।  10 मई को रिलीज़ हुई टाइगर श्रॉफ की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर2 38.83 करोड़ जमा करके नौवें स्थान पर है।  17 मई को आयी अजय देवगन की फ़िल्म दे दे प्यार दे 38.54 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट में दसवें पायदान पर आ गयी है। 

दिलचस्प बात यह कि 2019 की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक ने ओपनिंग वीकेंड में महज़ 35.73 करोड़ का कलेक्शन किया था और अब यह टॉप 10 की लिस्ट से बाहर हो गयी है। उरी ने क़रीब 245 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था। 

chat bot
आपका साथी