'समाज के नाम पर हम असफल हुए हैं', कठुआ केस पर बोले अक्षय कुमार

रवीना टंडन ने ऐसे दुर्दांत अपराधों पर लगाम कसने के लिए विशेष अदालतों, राजनैतिक इच्छाशक्ति, कड़े क़ानून, सख्त पुलिस जांच की आवश्यकता जताई है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Thu, 12 Apr 2018 05:58 PM (IST) Updated:Sat, 14 Apr 2018 08:26 AM (IST)
'समाज के नाम पर हम असफल हुए हैं', कठुआ केस पर बोले अक्षय कुमार
'समाज के नाम पर हम असफल हुए हैं', कठुआ केस पर बोले अक्षय कुमार

मुंबई। बॉलीवुड एक बार फिर गुस्से से उबल रहा है। सेलेब्रिटीज़ आहत और अफ़सोसज़दा होकर ट्वीट कर रहे हैं। वजह है देश के विभिन्न हिस्सों में मासूमों पर हो रहे ज़ुल्मो-सितम। बच्चियों और महिलाओं के साथ हुई दुष्कर्म की घटनाओं पर सेलेब्रिटीज़ ने रोष जताते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।

जम्मू के कठुआ इलाक़े में 8 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या और उत्तर प्रदेश के उन्नाव में 18 साल की लड़की द्वारा विधायक पर लगाये गये दुष्कर्म के आरोपों ने जहां सियासत में भूचाल ला दिया है, वहीं बॉलीवुड में भी इसकी प्रतिध्वनि सुनाई दे रही है। अक्षय कुमार ने ट्वीट करके लिखा है- ''एक समाज के नाम पर हम एक बार फिर असफल हुए हैं। मर्डर केस का रौंगटे खड़े कर देने वाला विवरण जैसे-जैसे बाहर आ रहा है, कुछ सोच नहीं पा रहा। उसका मासूम चेहरा छोड़ने बार-बार याद आ रहा है। न्याय होना चाहिए, त्वरित और कड़ा।''

कठुआ और उन्नाव केसों का ज़िक्र करते हुए रितेश देशमुख लिखते हैं- ''एक आठ साल की बच्ची को नशे की दवा देकर बेहोश किया जाता है, दुष्कर्म किया जाता है और फिर मार दिया जाता है और दूसरी ख़ुद के लिए और पिता की कस्टडी में मौत पर न्याय के लिए लड़ रही है। हमारे पास विकल्प है कि हम आवाज़ उठाएं या मूक दर्शक बने रहें। जो सही है उसके लिए आवाज़ उठाइए, भले ही अकेले हों।'' अभिषेक बच्चन ने बच्ची का फोटो शेयर करके अपना अफ़सोस और रोष ज़ाहिर किया।

करण जौहर ने अपने ट्वीट में लिखा है- ''अमानवीय। झकझोरने वाला। न्याय हर हाल में मिलना चाहिए।'' फरहान अख़्तर ने बेहद मार्मिक ट्वीट के ज़रिए जज़्बात बयां किये हैं।'' फ़रहान लिखते हैं- ''कल्पना कीजिए, जब 8 साल की बच्ची को दवा देकर बेहोश किया गया होगा, बंदी बनाया होगा और कई दिनों तक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गयी, इस दौरान उस पर क्या बीती होगी। अगर आप उसका आतंक महसूस नहीं कर सकते तो आप इंसान नहीं हैं। अगर उसके लिए न्याय की मांग नहीं करते तो आप बेकार हैं।''

जावेद अख़्तर ने दोनों मामलों को लेकर लोगों से न्याय की मांग करने के लिए आगे आने की अपील की है। रणदीप हुड्डा ने घटना पर क्षोभ व्यक्त करते हुए लिखा है- ''समझ नहीं आता, क्या कहा जाए, किससे कहा जाए... नहीं मालूम कि सोशल मीडिया में अपनी बात कह देने से कुछ हासिल होगा... पहले भी होता रहा है... फिर होगा... कैसे रुकेगा? कुछ मिसाल कायम करनी होगी।'' 

chat bot
आपका साथी