पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका, MP शमशेर दूलो की पत्नी हरबंस कौर आप में शामिल

कांग्रेस सांसद शमशेर सिंह दूलो की पत्‍नी हरबंस कौर दूलो आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई हैं। इससे राज्‍य में कांग्रेस को झटका लगा है। वह फतेहगढ़ साहिब से चुनाव लडेंगी।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 16 Apr 2019 04:22 PM (IST) Updated:Wed, 17 Apr 2019 04:22 PM (IST)
पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका, MP शमशेर दूलो की पत्नी हरबंस कौर आप में शामिल
पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका, MP शमशेर दूलो की पत्नी हरबंस कौर आप में शामिल

जालंधर/फतेहगढ़ साहिब, जेएनएन। कांग्रेस के राज्‍यसभा सदस्‍य शमशेर सिंह दूलो की पत्नी व पूर्व मुख्‍य संसदीय सचिव (सीपीएस) हरबंस कौर दूलो मंगलवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गईं। इसके तुरंत बाद आप ने उनको फते‍हगढ़ साहिब से अपना प्रत्‍याशी घोषित कर दिया। आप ने इसके लिए बलजिंदर सिंह चौंदा का दिया टिकट वापस ले लिया। शमशेर सिंह दूलो पंजाब कांग्रेस के प्रधान भी रह चुके हैं।

फतेहगढ़ साहिब से आप की होंगी उम्‍मीदवार, बलजिंदर सिंह चौंदा से टिकट वापस लिया

जालंधर प्रेस क्लब में उनको आप चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन और विधायक अमन अरोड़ा ने आप में शामिल कराया। वह आप के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। आम आदमी पार्टी ने हरबंस कौर दूलो को फतेहगढ़ साहिब से अपना उम्‍मीदवार बनाया है। पार्टी ने यहां से बलजिंदर सिंह चौंदा दिया टिकट वापस ले लिया है।  इस माैके पर विधायक और किसान विंग के प्रधान कुलतार सिंह संधवां, विधायक और आप की एनआरआइ विंग के प्रधान जै किशन सिंह रोड़ी, जालंधर से लोक सभा उम्मीदवार जस्टिस जोरा सिंह, फतेहगढ़ साहिब से पहले घोषित आप उम्मीदवार बलजिंदर सिंह चौंदा सहित कई नेता माैजूद थे।

अमन अरोड़ा ने कहा कि दूलो परिवार ने हमेशा दलितों, गरीबों और दबे-कुचले वर्ग के हकों के लिए कार्य किया और अत्‍याचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। हरबंस कौर दूलो के पार्टी में आने से जहां पार्टी फतेहगढ़ साहिब सीट पर बड़ी जीत दर्ज करेगी, वहीं इसका पार्टी को पूरे पंजाब में फायदा मिलेगा।

अमन अरोड़ा ने बलजिंदर सिंह चौंदा की तरफ से अपना टिकट त्याग कर हरबंस कौर दूलो की झोली में डालने की जी भर कर प्रशंसा की। उन्‍होंने कहा कि इस कदम से न केवल 'आप' बल्कि सभी पार्टियों के नेताओं को सबक लेना चाहिए कि खुद से बड़ी पार्टी और पार्टी से बड़ा देश होता है।

हरबंस कौर दूलो ने कहा कि वह पार्टी की ओर से इतने बड़े मान सम्मान देने के लिए सदा ऋणी रहेंगी और पार्टी व लोगों को पहले की तरह दिन रात समर्पित होकर कार्य करेंगी। एक सवाल के जवाब में हरबंस कौर दूलो ने  कहा कि उन्होंने यह फैसला सरदार शमशेर सिंह दूलो से पूछ कर ही किया है। अपने बारे में दूलो साहिब  खुद ही बता सकते हैं।'

उनके आप मेें शामिल होने की चर्चाएं पिछले कई दिनों से चल रही थीं। इससे लोकसभा चुनाव के मौके पर कांग्रेस को झटका लगा है। हरबंस कौर दूलो ने पहले ही आप में शामिल होने का संकेत दिया था। हरबंस कौर ने कहा कि वह  आम आदमी पार्टी में शामिल होकर बेहद खुश हैं। दूलो मंगलवार को जालंधर पहुंचीं। वहां आप स्‍क्रीनिंग कमेटी के प्रधान अमन अरोड़ा ने उनको आप में शामिल कराया। इस मौके पर आप के कई नेता मौजूद थे। अमन अरोड़ा ने हरबंस कौर का आप में स्‍वागत किया। इस मौके ही 2017 में तृणमूल कांग्रेस पार्टी के टिकट पर जालंधर सेंट्रल से विधान सभा चुनाव लड़ चुके तरणजीत सिंह सनी अपने समर्थक साथ का आप में शामिल हाे गए।

हरबंस कौर ने कहा, मैं आम आदमी पार्टी में शामिल होकर बेहद खुश हूं। आप में शामिल होना मेरी कोई निजी राय नहीं थी, मेरे समर्थकों ने यह कहा तो मैं ने यह फैसला किया। सारी उम्र लोगों की सेवा की है इच्छा है कि भरते दम तक लोगों की सेवा करूं। यही कारण है कि मैं आप में शामिल हुआ।

जागरण से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि मेरी ताकत मेरे समर्थक हैं। उन्‍होंने लोकसभा चुनाव लड़ने का संकेत देते देते हुए कहा, मेरे चुनावी अभियान में पति शमशेर सिंह दूलो और बेटा आएं मुझे इसकी चिंता नहीं है। आप में शामिल होना मेरा निजी फैसला है। मेरे समर्थक ही मेरा परिवार हैं।

chat bot
आपका साथी