मनीष सिसोदिया बोले- गोयल की हवेली व जनता के लिए एक जैसे होंगे नियम

मनीष सिसोदिया ने कहा कि एमसीडी ईमानदारी से काम करे तो उनके पास हाउस टैक्स से कई गुणा अधिक पैसा आने की संभावनाएं हैं, मगर भ्रष्टाचार के चलते ऐसा नहीं हो पा रहा है।

By JP YadavEdited By: Publish:Thu, 30 Mar 2017 07:55 AM (IST) Updated:Thu, 30 Mar 2017 10:36 AM (IST)
मनीष सिसोदिया बोले- गोयल की हवेली व जनता के लिए एक जैसे होंगे नियम
मनीष सिसोदिया बोले- गोयल की हवेली व जनता के लिए एक जैसे होंगे नियम

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक बार फिर कहा है कि हाउस टैक्स माफ करने का दिल्ली नगर निगम (MCD) को पूरा अधिकार है। वहीं, भाजपा व कांग्रेस वाले जनता को भरमा रहे हैं कि इसका अधिकार संसद को है।

विपक्षी दलों के आरोपों से नाराज मनीष सिसोदिया ने पत्रकार वार्ता में कहा कि ये नहीं चलने देंगे कि केंद्रीय मंत्री विजय गोयल की हवेली हो तो उसका हाउस टैक्स नगर निगम माफ कर दे और जब हम जनता का हाउस टैक्स माफ करने की बात करें तो कहा जाए कि इसका नगर निगम को अधिकार नहीं है। हम अगर निगम की सत्ता में आएं तो हम इसे करके दिखाएंगे।

जो लोग कह रहे हैं कि नगर निगम इसे नहीं कर सकते। ऐसे लोगों को मेरी सलाह है कि वे धैर्य रखें, इन्हीं लोगों के सामने हम इसे करेंगे।

बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि निगम में सत्ता में आने पर दिल्ली के लोगों पर लगने वाला हाउस टैक्स माफ कर देंगे। इतना ही नहीं जिन लोगों पर पुराना हाउस टैक्स बकाया है उसे भी नहीं लिया जाएगा।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि कुछ लोग बिना एक्ट पढ़े जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, मगर जनता सब समझ रही है कि इन लोगों को डर क्यों है? उन्होंने कहा कि एससीडी में संसाधनों की कोई कमी नहीं है।

एमसीडी ईमानदारी से काम करे तो उनके पास हाउस टैक्स से कई गुणा अधिक पैसा आने की संभावनाएं हैं, मगर भ्रष्टाचार के चलते ऐसा नहीं हो पा रहा है। वहीं हाउस टैक्स पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाओं को सिसोदिया ने विरोधियों की हताशा करार दिया।

chat bot
आपका साथी