हार्दिक पटेल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- मोदी अडानी-अंबानी के लिए काम करने वाले व्यक्ति

कांग्रेस के युवा नेता हार्दिक पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी को लोगों ने मां गंगा का बेटा समझा था लेकिन वह अडानी व अंबानी के लिए काम करने वाले व्यक्ति हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 14 May 2019 03:35 PM (IST) Updated:Wed, 15 May 2019 09:56 AM (IST)
हार्दिक पटेल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- मोदी अडानी-अंबानी के लिए काम करने वाले व्यक्ति
हार्दिक पटेल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- मोदी अडानी-अंबानी के लिए काम करने वाले व्यक्ति

गोरखपुर/देवरिया, जेएनएन। कांग्रेस के युवा नेता हार्दिक पटेल मंगलवार को देवरिया के पथरदेवा में चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस देश के किसानों व नौजवानों ने जिस नरेंद्र मोदी को मां गंगा का बेटा समझा था वह अडानी व अंबानी के लिए काम करने वाला एक व्यक्ति है। देश में 12 करोड़ नौजवान बेरोजगार हैं। इसमें से कोई अडानी व अंबानी का बेटा नहीं है बल्कि हमारा व आपका बेटा है। इसलिए हमलोगों ने यह लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। यदि अडानी-अंबानी का कर्जा माफ हो सकता है तो देवरिया के किसानों का कर्जा क्यों नहीं माफ हो सकता।

हार्दिक पटेल पथरदेवा के आचार्य नरेंद्र देव इंटर कालेज के मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी नियाज अहमद के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं गुजरात से आया जरूर हूं, लेकिन मैं नरेंद्र मोदी के गुजरात से नहीं बल्कि महात्मा गांधी व सरदार बल्लभ भाई पटेल के गुजरात से आया हूं।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव भाजपा व कांग्रेस के बीच नहीं है। यह चुनाव हिंदुस्तान का किसान व नौजवान लड़ने वाला है। जिस गुजरात माडल के नाम पर आप लोगों ने 2014 में यहां कलराज मिश्रा को वोट दिया था। उस गुजरात के 16 हजार गांवों में पीने व सिंचाई के पानी तक की व्यवस्था नहीं है।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा के पांच साल के शासन में पहली बार ऐसा हुआ है देश के अंदर बारह हजार किसानों व गुजरात में 5500 किसानों ने आत्महत्या की। गुजरात में जिस गुजरात माडल के नाम पर 25 साल से भाजपा की सरकार है, वहां के 50 लाख नौजवान बेरोजगार हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा द्वारा यहां के किसानों व मंदिर के नाम पर वोट मांगा जा रहा है। हम पूछते हैं कि किसानों का खेत मजबूत करने के लिए ढ़ाई साल में योगी आदित्यनाथ ने क्या किया। भाजपा अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर ठगने का कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री झूठ बाेलते हैं, वह झूठ बोलने में माहिर हैं।

कहा कि कलराज मिश्र को आपने यहां का सांसद चुना, लेकिन उन्होंने देवरिया के गरीबों, मजदूरों व किसानों के हक के लिए एक बार भी संसद में आवाज नहीं उठाया। पार्टी को लगा कि उन्होंने कोई काम नहीं किया तो दूसरे को ला खड़ा किया। आज कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में एक ऐसा व्यक्ति चुनाव लड़ने आया है जो संसद में आपके लिए लड़ाई लड़ेगा। कलराज मिश्र की तरह चुप नहीं बैठेंगा। यदि आपको लग रहा है कि इस बार भी भाजपा की सरकार बन रही है तो आप दिमाग से निकाल दीजिए। सभी ने तय किया है कि 2019 की सरकार फिर से कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। कांग्रेस ने वादा किया है कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि जब तक बच्चा पढ़ेगा नहीं भारत विश्व गुरु नहीं बन सकता। इसलिए राहुल गांधी ने तय किया है कि कक्षा एक से कक्षा 12 तक के बच्चों को मुफ्त शिक्षा दिया जाएगा। भाजपा के लोग हिंदू-मुस्लमान की राजनीति करते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना कि देश को मजबूत बनाने में महात्मा गांधी, सरदार बल्लभ भाई पटेल व डा.अब्दुल कलाम आजाद जैसे लोगों ने योगदान दिया था। इस देश को बचाने में कोई जाति व धर्म नहीं होनी चाहिए। राहुल गांधी ने पहली बार देश में यहीं से किसाना यात्रा निकाली थी। कांग्रेस जीती तो यहां के किसान की जीत होगी।

कांग्रेस ही कर सकती है संविधान की रक्षा : बाबू सिंह कुशवाहा

देवरिया के पथरदेवा के चुनावी जनसभा में जनाधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस ही संविधान की रक्षा कर सकती है। पहले व इस बार के चुनाव में काफी फर्क है। एक तरफ वह हैं जो लोकतंत्र खत्म करना चाहते हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस है जो संविधान को बचाने के लिए खड़ी है। भारतीय संविधान हमारा वजूद है। भारतीय संविधान नहीं है तो हमारा वजूद नहीं है। यदि देश में हमारा लोकतंत्र सुरक्षित रखना है तो संविधान बचाना होगा है। इसीलिए हमने भाजपा को हराने और कांग्रेस के साथ जाने का निर्णय लिया है। कांग्रेस पार्टी कहती है कि यदि हमारी सरकार बनती है तो एक माह छह हजार रुपये देंगे। यानि साल में 72 हजार रुपये देंगे। बारहवीं तक के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देंगे। जबकि भाजपा कहती है कि कांग्रेस देशद्रोही पार्टी है। भाजपा कहती है कि पहले हमें राम मंदिर व आतंकवाद के नाम पर वोट मिल जाता था। अब पाकिस्तान पर एक बम फेंक देंगे तो वोट मिल जाएगा। इससे हमारे युवाओं की बेराेजगारी दूर नहीं होगी। भाजपा कहती है कि राष्ट्र की बात करिए, उन्हें यह पता होना चाहिए कि सबको मिलाकर राष्ट्र बनता है। यहां का किसान उन्नति करेगा तो राष्ट्र मजबूत करेगा। भाजपा से सावधान रहने की जरूरत है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी