Loksabha Election 2019 : भाजपा नेताओं के खिलाफ राजभर के बिगड़े बोल, मुकदमा दर्ज

मऊ में पार्टी प्रत्याशी महेंद्र राजभर के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने द‍िया था व‍िवाद‍ित बयान।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 May 2019 08:23 PM (IST) Updated:Sun, 19 May 2019 08:06 AM (IST)
Loksabha Election 2019 : भाजपा नेताओं के खिलाफ राजभर के बिगड़े बोल, मुकदमा दर्ज
Loksabha Election 2019 : भाजपा नेताओं के खिलाफ राजभर के बिगड़े बोल, मुकदमा दर्ज

लखनऊ जेएनएन। जनसभा में भाजपा नेताओं के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर मऊ में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है। वहीं, लखनऊ में भाजपा युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में मऊ के हलधरपुर थाने में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर उडऩदस्ता निरीक्षक रुद्रभान पांडेय की तहरीर पर राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

शुक्रवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रतनपुरा बाजार में पार्टी प्रत्याशी महेंद्र राजभर के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा के लोगों के विरुद्ध आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। पुलिस धारा 171 जी, 504, 506 के तहत वाद पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, लखनऊ में भाजपा युवजन सभा के कार्यकर्ता अनूप सिंह उर्फ चंदन ने शनिवार को हजरतगंज पुलिस को तहरीर देकर सुभासपा अध्यक्ष राजभर द्वारा गाजीपुर की रैली में भाजपा नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर तहरीर दी है। इंस्पेक्टर हजरतगंज राधारमण सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

लोकसभा चुनाव 2019 में अपनी पार्टी भारतीय सुहेलदेव समाज पाटी (एसबीएसपी) के कई प्रत्याशी खड़ा करने वाले ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को प्रचार के दौरान मऊ में मंच से भाजपा के नेताओं को गाली देने के साथ ही उनको दस-दस जूता मारने को कहा। भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के मुखिया ने एक रैली के दौरान मंच से ही भाजपा नेताओं के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। राजभर ने आगे कहा कि गाली निकलती है जबान से। इन बेईमान (भाजपा नेताओं) को शर्म नहीं लगती है।

ओमप्रकाश राजभर का आरोप है कि भाजपा नेता यह कहकर प्रचार कर रहे हैं कि एसबीएसपी और भाजपा का गठबंधन है और राजभर की पार्टी का प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ रहा है। राजभर के इस भाषण का विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ओमप्रकाश राजभर का आरोप है कि भाजपा नेता मऊ में उनकी पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ मतदाताओं में भ्रम फैला रहे हैं।

राजभर घोसी लोकसभा क्षेत्र के रतनपुरा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा अभी एक चर्चा बड़ी तेजी से भारतीय जनता पार्टी के लोग फैला रहे हैं हमारा (बीजेपी-एसबीएसपी ) घोसी में गठबंधन है और हमारे प्रत्याशी महेंद्र चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। 

हाल ही में राजभर ने प्रदेश सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है। उनकी पार्टी ने भी प्रदेश में भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ लिया है। लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा के साथ सीट बंटवारे पर बात न बनने पर मंत्री पद से इस्तीफा देने का दावा करने वाले मंत्री अब काफी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन कर लड़ी सुभासपा ने पूर्वांचल सहित प्रदेश की करीब तीन दर्जन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।  

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी