LokSabha Election 2019 : इस लोकसभा सीट पर मतदान में पुरुषों से पीछे है आधी आबादी

केवल दो बार ही महिलाओं ने डाले हैं पुरुषों से अधिक वोट दोनों के बीच होता है सात से 15 प्रतिशत का अंतर।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Wed, 10 Apr 2019 03:42 PM (IST) Updated:Wed, 10 Apr 2019 03:42 PM (IST)
LokSabha Election 2019 : इस लोकसभा सीट पर मतदान में पुरुषों से पीछे है आधी आबादी
LokSabha Election 2019 : इस लोकसभा सीट पर मतदान में पुरुषों से पीछे है आधी आबादी

लखनऊ, [निशांत यादव]। आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना कर तीन वायुसेना की महिला पायलटों ने यह दिखा दिया कि अब नभ में भी वह पुरुषों के बराबर आ गई हैं। बीएसएफ जैसे अर्धसैनिक बलों में शामिल होकर सीमा की चौकसी से लेकर ट्रेनें दौड़ाने तक में आज महिलाएं समानता की प्रतीक बन चुकी हैं लेकिन लोकतंत्र के पर्व में महिलाओं के लिए अब भी पुरुषों के बराबर सहभागिता करने की चुनौती बनी हुई है। राजधानी की मोहनलालगंज लोकसभा सीट के आंकड़े तो यहीं बताते हैं कि यहां आज भी मतदान करने में पुरुष वर्ग ही आगे है। हालांकि इतिहास में दो बार ऐसा हो चुका है जब महिलाओं ने पुरुषों को पीछे करते हुए अधिक मतदान किया है।

मोहनलालगंज सुरक्षित लोकसभा सीट पर 1962 से 2014 तक कुल 14 बार चुनाव हो चुके हैं। करीब 80 प्रतिशत ग्रामीण और 20 प्रतिशत शहरी इलाकों वाली इस सीट पर महिलाओं ने भले ही पुरुषों से कम मतदान किया हो लेकिन यहां से अब भी पुरुषों से अधिक महिला ही चुनकर संसद में पहुंची है। अब तक छह बार पुरुष और आठ बार महिलाएं चुनी गईं हैं। कांग्रेस की गंगा देवी ने 1962, 1967 और 1971 में लगातार तीन बार जीत दर्ज की थी। आंकड़े बताते हैं कि अब तक महिलाओं ने केवल दो बार ही 50 प्रतिशत से अधिक मतदान किया है, जबकि पुरुष मतदाताओं ने छह बार पचास प्रतिशत से अधिक मतदान किया है। वर्ष 1971 में महिलाओं ने सबसे कम केवल 24.86 प्रतिशत वोटिंग की थी, जबकि 1977 में महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों की अपेक्षा 17.16 प्रतिशत और 1980 में केवल 8.25 प्रतिशत कम रहा।

इंदिरा गांधी की हत्या ने बनाई थी लहर

वर्ष 1984 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए चुनाव में महिलाओं ने जो वोटिंग करने में उत्साह दिखाया, उसने एक नया रिकॉर्ड बना दिया। पहली बार पुरुष मतदाताओं के दबदबे को समाप्त करते हुए महिला मतदाताओं ने 53.98 प्रतिशत वोट डाले, जबकि पुरुषों ने 46.86 प्रतिशत ही अपने वोट का इस्तेमाल किया। इस तरह पुरुषों की तुलना में 7.12 प्रतिशत अधिक महिलाओं ने अपने वोट डाले। हालांकि 1989 में यह बढ़त कम हो गई। महिलाओं ने 46.57 और पुरुषों ने 45.82 प्रतिशत वोट डाले। इस तरह महिलाओं ने 0.75 प्रतिशत अधिक वोट डाले थे। यह बढ़त आगे बरकरार नहीं रह सकी। वर्ष 2009 में 39.64 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। हालांकि इस खाई को 2014 के चुनाव ने कम किया। उस वर्ष 54.13 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया।

कब कितने पड़े वोट

वर्ष - पुरुष - महिला - अंतर

2014 - 61.37 - 54.13 - 7.24

2009 - 52.08 - 39.64 - 12.44

2004 - 52.00 - 36.24 - 15.76

1999 - 57.06 - 49.91 - 7.15

1998 - 59.64 - 44.38 - 15.26

1996 - 49.55 - 34.18 - 15.37

1991 - 48.82 - 40.26 - 8.56

1989 - 45.82 - 46.57 - 0.75

1984 - 46.86 - 53.98 - 7.12

1980 - 43.52 - 35.27 - 8.25

1977 - 53.53 - 36.37 - 17.16

1971 - 40.09 - 24.86 - 15.23

 

कब चुनी गईं महिला सांसद

वर्ष - सांसद - पार्टी

1962 - गंगा देवी - कांग्रेस

1967 - गंगा देवी - कांग्रेस

1971 - गंगा देवी - कांग्रेस

1980 - कैलाशपति - कांग्रेस इंदिरा

1996 - पूर्णिमा वर्मा - भाजपा

1998 - रीना चौधरी - सपा

1999 - रीना चौधरी - सपा

2009 - सुशीला सरोज - सपा

chat bot
आपका साथी