Delhi Election 2020 : कांग्रेस के गढ़ में दिग्गज नेता को हराकर इस महिला ने किया था सबको चकित

मंगोलपुरी विधानसभा क्षेत्र से चार बार के विधायक रहे पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान को 2013 में हार का सामना करना पड़ा था। यह सीट आप ने जीती थी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 14 Jan 2020 02:31 PM (IST) Updated:Tue, 14 Jan 2020 02:31 PM (IST)
Delhi Election 2020 : कांग्रेस के गढ़ में दिग्गज नेता को हराकर इस महिला ने किया था सबको चकित
Delhi Election 2020 : कांग्रेस के गढ़ में दिग्गज नेता को हराकर इस महिला ने किया था सबको चकित

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मंगोलपुरी विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है और यहां से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान ने चार बार जीत हासिल की है। लेकिन, वर्ष 2013 के चुनाव परिणाम ने सबको चौंका दिया, जब यहां से आप की राखी बिड़ला ने उन्हें पराजित कर दिया। राखी ने वर्ष 2015 में भी जीत दर्ज की थी। राज कुमार चौहान अब भाजपा में हैं।

मु्ख्य इलाके

रोहिणी सेक्टर दो, तीन, चार, अवंतिका एंक्लेव, हिमालया अपार्टमेंट, एमटूके शापिंग कॉम्प्लेक्स, मंगोलपुर खुर्द, मार्बल मार्केट, कतरन मार्केट, पुलिस क्वार्टर, इएसआइ क्वार्टर, एमटीएनएल क्वार्टर।

क्षेत्र की विशेषताएं

यह यह घनी आबादी वाला विधानसभा क्षेत्र है जो वर्ष 1993 में अस्तित्व में आया। यह विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के उम्मीदवार के लिए आरक्षित है। यहां पुर्नवासित कालोनियों के अलावा के मंगोलपुर जैसे ग्रामीण व रोहिणी दक्षिणी की कुछ पॉश कालोनियां भी आती हैं। यहां अनूसूचित जाति के लोगों की बाहुल्यता है। हालांकि पूर्वांचल, दक्षिण भारत सहित अन्य क्षेत्रों के लोग भी रहते हैं। यहां देश के सबसे बड़े ट्रामा सेंटर का निर्माण किया जा रहा है।

जनता की राय

स्थानीय निवासी अंजलि डोरिया ने कहा कि उम्मीदों के मुताबिक मंगोलपुरी क्षेत्र का विकास नहीं हो सका। संजय गांधी अस्पताल में सुविधाओं का कोई विस्तार नहीं हो सका। यहां आसपास के क्षेत्रों के भी मरीज बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। जिससे ओपडी में लंबी लाइनें लगी रहती है। इस समस्या का निदान जरुरी है।

अरूण कुमार का कहना है कि मंगोलपुरी में जाम की समस्या कई सालों से है। खासकर संजय गांधी अस्पताल के पास जाम के कारण एंबुलेंस को भी निकलने में भी परेशानी होती है। लेकिन इस समस्या की तरफ किसी ने भी अब तक गंभीरता से ध्यान नहीं दिया है।

राजेंद्र कुमार ने बताया कि कालोनियों में लोहे के गेट लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पहले की तुलना में काफी विकास के काम हुए हैं। पानी और बिजली की स्थिति में सुधार हुआ है। पार्कों में जिम और झूले लगाए गए हैं। मोहल्ला व पॉली क्लिनिक से लोगों को बहुत लाभ मिला है।

हेमंत कुमार ने कहा कि संजय गांधी अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर की योजना काम प्रारंभ हुआ। इसका लाभ आने वाले दिनों में सड़क हादसे के शिकार लोगों को मिलेगा। सड़कों का पुनर्निमाण करवाया गया है। झुग्गियों में शौचालयों का निर्माण कराया है।

यहां के प्रमुख मुद्दे

मंगोलपुरी में जाम प्रमुख मुद्दा है। यहां संजय गांधी अस्पताल के निकट एस ब्लॉक चौक पर हमेशा यातायात जाम रहता है। कतरन मार्केट में जाम से लोग सालों से जूझ रहे हैं। सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण प्रमुख समस्या है। मुख्य मार्गों पर बारिश होते ही लबालब पानी भर जाता है। बड़े नालों की ठीक से सफाई नहीं होने से यह समस्या पैदा होती है। कई कॉलोनियों में सीवर व पानी की पुरानी पाइप लाइनें बदली नहीं जा सकी हैं। पाइप लाइन जर्जर होने की वजह से इलाके में गंदे पानी की आपूर्ति होती है। पुनर्वासित कॉलोनियों के लोगों को अब तक मालिकाना हक नहीं मिल सका है। नशे व जुए का अवैध कारोबार भी मुद्दा है। एक मात्र संजय गांधी अस्पताल के ओपीडी पर मरीजों का अत्यधिक दबाव रहता है। सड़कों की हालत में भी कुछ खास सुधार नहीं हुआ है।

ये भी पढ़ेंः  Delhi Election 2020 : कांग्रेस के दिग्गज नेता भी लड़ेंगे चुनाव, जल्द जारी होगी उम्मीदवारों की सूची

Delhi Election 2020 : कई AAP विधायकों को सता रहा टिकट कटने का डर, ये है बड़ी वजह

दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक

chat bot
आपका साथी