Delhi Election 2020: दिल्ली के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ेगी

Delhi Election 2020 महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावी नतीजों से सबक लेते हुए कांग्रेस ने इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में भी गठबंधन में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 17 Jan 2020 08:51 AM (IST) Updated:Fri, 17 Jan 2020 08:51 AM (IST)
Delhi Election 2020: दिल्ली के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ेगी
Delhi Election 2020: दिल्ली के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ेगी

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। Delhi Election 2020: महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावी नतीजों से सबक लेते हुए कांग्रेस ने इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में भी गठबंधन में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। यह गठबंधन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ किया जा रहा है। कांग्रेस 66 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राजद चार सीटों पर। हालांकि, बृहस्पतिवार देर रात तक भी इसे लेकर औपचारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को दोनों पार्टियां संयुक्त पत्रकार वार्ता कर सभी 70 उम्मीदवारों की घोषणा करेंगी। दिल्ली के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ेगी।

विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान की सहमति से ही राजद के साथ गठबंधन का फैसला लिया जा रहा है। इसका मुख्य मकसद बिहार और पूर्वांचल के मतदाताओं को साधना है। बताया जा रहा है कि राजद ने पांच से 10 सीटों की मांग रखी है, जबकि कांग्रेस ने चार सीटें उत्तम नगर, बुराड़ी, किराड़ी और करावल नगर की पेशकश की है। इन सभी सीटों पर पूर्वांचल के मतदाताओं की संख्या कहीं अधिक है। बातचीत बदरपुर सीट को लेकर भी चल रही है।

सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस ने बृहस्पतिवार देर रात तक 42 सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए हैं, जबकि शेष सीटों पर शुक्रवार रात तक तय कर दिए जाएंगे। राजद ने भी अपने उम्मीदवारों के नाम अंदरखाने तय कर दिए हैं। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने माना कि राजद के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने सिर्फ यही कहा कि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अलबत्ता एक- दो दिन में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। माना जा रहा है कि बिहार के मतदाताओं की दिल्ली में संख्या को देखते हुए कांग्रेस ने यह निर्णय लिया है।

दिल्ली चुनाव से जड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

chat bot
आपका साथी