छत्तीसगढ़ में जेल, बेल और कांग्रेस का सियासी खेल!

पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत की कथित अश्लील सीडी कांड में कांग्रेस हाईकमान ने राजनीतिक बढ़त लेने के बाद रणनीति बदल दी है

By Vikas JangraEdited By: Publish:Thu, 27 Sep 2018 10:57 PM (IST) Updated:Thu, 27 Sep 2018 10:57 PM (IST)
छत्तीसगढ़ में जेल, बेल और कांग्रेस का सियासी खेल!
छत्तीसगढ़ में जेल, बेल और कांग्रेस का सियासी खेल!

रायपुर [नईदुनिया]। छत्तीसगढ़ में पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत की कथित अश्लील सीडी कांड में कांग्रेस हाईकमान ने राजनीतिक बढ़त लेने के बाद रणनीति बदल दी है। पार्टी हाईकमान ने पहले पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल को जेल जाने के लिए कहा, ताकि पूरा माहौल कांग्रेस के पक्ष में बन सके।

बघेल के जेल जाने के बाद कांग्रेस ने न केवल अपनी ताकत दिखाई, बल्कि कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में भी सफल रही। साथ ही, यह संदेश भी दिया कि भाजपा सरकार चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

हाईकमान को लगा कि तीन दिन में माहौल बदल चुका है तो बघेल को जेल से बाहर लाने का फैसला ले लिया। प्रदेश की राजनीति गरमा चुकी है, जिसका पूरा फायदा लेने की कोशिश कांग्रेस करेगी। अब ताबड़तोड़ चुनावी अभियान चलाए जाएंगे, ताकि जो सियासी खेल खेला गया है, वह कहीं भी कमजोर न पड़े।

गौरतलब है कि 24 सितंबर को पीसीसी अध्यक्ष बघेल जेल गए थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार एक दिन पहले 23 सितंबर की रात को ही हाईकमान ने तय कर दिया था कि बघेल अदालत में न अपने लिए वकील खड़ा करेंगे और न ही जमानत लेंगे। बघेल के जेल जाते ही प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया।

25 सितंबर को कांग्रेसियों ने प्रदेशभर में गिरफ्तारी दी। हर जिले में नाकाबंदी के बावजूद कांग्रेसियों ने राजधानी पहुंचकर जेल भरो आंदोलन किया। 26 सितंबर को संगठन के सभी 307 ब्लॉक और 27 को सभी जिला मुख्यालयों में जेल भरो आंदोलन किया। सड़क पर यह आंदोलन चल ही रहा था कि सीडी कांड के मुख्य आरोपी और भाजपा के नेता रहे कैलाश मुरारका के बयान ने कांग्रेस के सियासी दांव को और मजबूत कर दिया।

अब जंग लड़ने की तरह मैदान में कूदेगी कांग्रेस
- आदिवासी वोट बैंक को साधने जंगल सत्याग्रह का दूसरा चरण शुरू होगा।
- बस्तर के बाद बाकी चार संभाग में संकल्प यात्रा निकाली जाएगी।
- 35 लाख किसानों को साधने किसान अधिकार यात्रा शुरू होगी, कार्यक्रम तैयार।
- युवा कांग्रेस 'मैं भी बेरोजगार' अभियान को फिर से गति देगी।
- एनएसयूआइ 'हम बदलेंगे राजनीति' अभियान को आगे बढ़ाएगी।
- महिला कांग्रेस गांवों में महिला चौपाल लगाएगी, महंगाई पर राजधानी में आंदोलन करेगी।

प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया बढ़ेगी आगे
बघेल के जेल जाने के बाद से प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया था। केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भुवनेश्वर कलिता आला नेताओं से चर्चा करके कई स्तर पर हुए सर्वे की रिपोर्ट लेकर दिल्ली जा चुके हैं। कलिता एक बार और वरिष्ठ नेताओं व मोर्चा-संगठनों के अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दिल्ली में राहुल गांधी के साथ बैठक होगी, जिसमें प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, भूपेश बघेल और नेता-प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव भी उपस्थित रहेंगे।

chat bot
आपका साथी