CG Chunav 2018: मतगणना से पुरुष आउट, महिलाएं संभालेंगी मोर्चा

CG Chunav 2018 : मतगणना में पुरुष कर्मचारी-अधिकारियों का ही दबदबा रहता आया है पर इस बार मतगणना में दबदबा महिलाओं का रहने वाला है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Sun, 25 Nov 2018 07:58 PM (IST) Updated:Mon, 26 Nov 2018 07:32 AM (IST)
CG Chunav 2018: मतगणना से पुरुष आउट, महिलाएं संभालेंगी मोर्चा
CG Chunav 2018: मतगणना से पुरुष आउट, महिलाएं संभालेंगी मोर्चा

जगदलपुर। विधानसभा चुनाव में पिंक मतदान केन्द्रों में सफलतापूर्वक मतदान संपन्न् कराकर काम के प्रति संजीदगी और कर्मठता का लोहा मनवाने वाली महिला कर्मचारी-अधिकारी अकेले ही मतगणना का काम भी संपन्न् करेंगी। अभी तक चुनाव और मतगणना में पुरुष कर्मचारी-अधिकारियों का ही दबदबा रहता आया है पर इस बार मतगणना में दबदबा महिलाओं का रहने वाला है।

मतगणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक और माइक्रो आब्जर्वर तीनों पदों पर महिला अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। गणना पर्यवेक्षक के पद पर राज्य शासन की राजपत्रित महिला अधिकारी, गणना सहायक के पद पर कार्यपालिक महिला कर्मचारी और माइक्रो आब्जर्वर के पद पर केन्द्र सरकार की महिला अधिकारी ड्यूटी बजाएंगी।

जिला निर्वाचन कार्यालय से करीब डेढ़ सौ महिला अधिकारी-कर्मचारियों को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। ज्यादातर महिला व्याख्याताओं को इस काम में संलग्न करने बात सामने आ रही है। जिले में तीन विधानसभा क्षेत्रों बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट की मतगणना धरमपुरा स्थित महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज में होगी।

एक दिसंबर से होगी प्रशिक्षण की शुरुआत

मतगणना कार्य के लिए प्रशिक्षण की शुरुआत एक दिसंबर से होने जा रही है। एक दिसंबर को गणना पर्यवेक्षक और गणना सहायकों को प्रशिक्षण के लिए कलेक्टोरेट में बुलाया गया है। दूसरे चरण का प्रशिक्षण पांच दिसंबर को होगा।

अंतिम चरण में मतगणना के पूूर्वाभ्यास के लिए नौ दिसंबर को आमंत्रित किया गया है। मतगणना के दिन 11 दिसंबर को मतगणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक और माइक्रो आब्जर्वर को प्रात पांच बजे मतगणना स्थल महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज धरमपुरा में उपस्थित होने निर्देशित किया गया है।

पिंक बूथ में संभाला था मोर्चा

चुनाव में आमतौर पर महिला अधिकारियों-कर्मचारियों को दूर रखा जाता रहा है पर इस बार महिला मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए अलग से कुछ मतदान केन्द्रों को पिंक मतदान केन्द्र संगवारी केन्द्र का नाम दिया जाकर ड्यूटी में सिर्फ महिला अधिकारी-कर्मचारियों को ही लगाया गया था।

जिले में बस्तर विधानसभा में कन्या हाईस्कूल बस्तर, चित्रकोट में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला उसरीबेड़ा और जगदलपुर में शहर स्थित भगत सिंह हाईस्कूल में संगवारी केन्द्र बनाया गया था। इन तीनों केन्द्रों में महिला मतदान दलों द्वारा शांति से सफलतापूर्वक मतदान संपन्न् कराया गया।  

chat bot
आपका साथी