Lok Sabha Election: पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं मतदान में बढ़-चढ़कर ले रही हिस्सा, पांचवें चरण के लिए चुनाव आयोग ने जारी किए आंकड़े
चुनाव आयोग ने गुरुवार को कहा कि सात चरणों वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान प्रतिशत अब 62.2 प्रतिशत हो गया है। 4.69 करोड़ पुरुष 4.26 करोड़ महिलाएं और 5409 किन्नर सहित कुल 8.95 करोड़ से अधिक लोग मतदान के पात्र थे। बिहार झारखंड लद्दाख ओडिशा और उत्तर प्रदेश में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की भागीदारी अधिक रही।
पीटीआई, नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने गुरुवार को कहा कि सात चरणों वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान प्रतिशत अब 62.2 प्रतिशत हो गया है। इस चरण में पुरुषों की बजाय महिला मतदाताओं ने मतदान में ज्यादा उत्साह दिखाया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत जहां 61.48 प्रतिशत रहा, वहीं महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 63 रहा। यहां ये भी बता दें कि इस लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में ही अब तक का सबसे कम मतदान हुआ है।
केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान हुआ
निर्वाचन आयोग ने बताया कि पांचवें चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान हुआ था। 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिलाएं और 5409 किन्नर सहित कुल 8.95 करोड़ से अधिक लोग मतदान के पात्र थे। बिहार, झारखंड, लद्दाख, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की भागीदारी अधिक रही।
बिहार और झारखंड में ऐसा रहा हाल
बिहार और झारखंड में पुरुष-महिला मतदान प्रतिशत का अंतर बहुत अधिक रहा। बिहार में जहां पुरुष मतदान प्रतिशत 52.42 प्रतिशत रहा वहीं महिलाओं का मतदान प्रतिशत 61.58 रहा। इसी तरह झारखंड में जहां 68.65 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया वहीं 58.08 प्रतिशत पुरुषों ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बंगाल में किन्नर श्रेणी में पंजीकृत सर्वाधिक 38.22 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
चुनाव आयोग ने कहा कि ओडिशा में कंधमाल संसदीय क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान गुरुवार को संपन्न होगा और पुनर्मतदान के बाद डाटा अपडेट होने के बाद आंकड़े उसी मुताबिक बदल सकते हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर 64.16 प्रतिशत मतदान हुआ था।