Bihar, Rosera Assembly Election 2020 : समस्तीपुर के रोसड़ा में प्रत्याशियों के नाम पर सस्पेंस अब भी बरकरार, महागठबंधन की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं

Bihar Rosera Assembly Election 2020 राजद और कांग्रेस दोनों रोसड़ा सीट पर दावेदारी पेश कर रहे हैं। कांग्रेस से सरिता देवी तथा राजद से सत्यविन्द पासवान का नाम जोर शोर से लिया जा रहा है। वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में यह सीट भाजपा की झोली में गई है।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Thu, 08 Oct 2020 10:27 PM (IST) Updated:Fri, 09 Oct 2020 07:08 AM (IST)
Bihar, Rosera Assembly Election 2020 : समस्तीपुर के रोसड़ा में प्रत्याशियों के नाम पर सस्पेंस अब भी बरकरार, महागठबंधन की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं
भाजपा ने वीरेंद्र पासवान को यहां से अपना उम्मीदवार घोषित करने का मन बना लिया है।

समस्तीपुर, जेएनएन। Bihar, Rosera Assembly Election 2020 : समस्तीपुर के रोसड़ा विधानसभा की तस्वीर अभी साफ नहीं है। महागठबंधन में यह सीट िकांग्रेस के पास होगी या राजद के पास यह तय नहीं हुआ है। एनडीए में यह भाजपा के पास भले चली आई हो लेकिन, उम्मीदवार का नाम शेष है। जबकि शुक्रवार से नामांकन का क्रम शुरू होने जा रहा। हालांकि एक तथ्य बहुत स्पष्ट है कि इस बार रोसड़ा को एक नया जनप्रतिनिधि मिलेगा। इसकी बड़ी वजह यह है कि निवर्तमान विधायक डॉ अशोक कुमार को इस चुनाव में दरभंगा के कुशेश्वरस्थान से उम्मीदवार बनना तय माना जा रहा है। जिसके कारण खाली हुए सीट पर महागठबंधन का कोई नया चेहरा सामने आएगा।

अभी तक राजद और कांग्रेस दोनों पार्टी द्वारा रोसड़ा सीट पर दावेदारी की चर्चा जारी है। कांग्रेस से सरिता देवी तथा राजद से सत्यविन्द पासवान का नाम जोर शोर से लिया जा रहा है। महागठबंधन से चुनावी मैदान में उतरने वाला कोई भी उम्मीदवार नया चेहरा ही होगा। इस संबंध में निवर्तमान विधायक ने पार्टी द्वारा लिए गए निर्णय के आलोक में कुशेश्वरस्थान से चुनाव लड़ने की बात कही। उन्होंने रोसड़ा को अपना घर बताते हुए कहा कि जिला की मांग हो या कोई अन्य समस्या सभी के लिए सदैव संघर्षरत रहूंगा। वहीं, दूसरी ओर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पर नजर डालें तो यह सीट पूर्व की भांति भाजपा की झोली में गई है। कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा की मानें तो पार्टी ने वीरेंद्र पासवान को यहां से अपना उम्मीदवार घोषित करने का मन बना लिया है।

लोजपा की भी उम्मीदवारी तय मानी जा रही

वारिसनगर प्रखंड क्षेत्र के निवासी पूर्व मुखिया रहे श्री पासवान वर्तमान में भाजपा के जिला मंत्री के साथ प्रदेश परिषद के सदस्य भी हैं। बाल स्वयंसेवक के रूप में इनकी पहचान बताई जा रही है। दूसरी ओर भाजपा के खाते में सीट जाने के बावजूद रोसड़ा से लोजपा की भी उम्मीदवारी तय मानी जा रही है। चर्चाओं की मानें तो पूर्व सांसद रामचंद्र पासवान के पुत्र व वर्तमान सांसद प्रिंस राज के अग्रज कृष्ण राज यहां से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। वह भी चुनावी दंगल के नए चेहरों में ही शामिल रहेंगे। शुक्रवार से नाम निर्देशन का कार्य भी प्रारंभ होगा। बावजूद किसी भी राजनीतिक दल द्वारा आज तक अपने-अपने उम्मीदवारों की विधिवत घोषणा नहीं की जा सकी है। इसको लेकर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में अभी भी उहापोह की स्थिति देखी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में जारी चर्चाओं की माने तो महागठबंधन, एनडीए व लोजपा के अलावा वर्तमान में गठित तीसरा मोर्चा भी अपना उम्मीदवार रोसड़ा से उतारने की तैयारी कर रहा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक संभावित किसी प्रत्याशी क़ी चर्चा नही हो रही है। 

chat bot
आपका साथी