दिल्ली-NCR को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने दी राहत, देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी बरकरार

मंगलवार और बुधवार को भी दिनभर बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।

By JP YadavEdited By: Publish:Tue, 04 Jun 2019 08:06 AM (IST) Updated:Tue, 04 Jun 2019 08:50 AM (IST)
दिल्ली-NCR को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने दी राहत, देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी बरकरार
दिल्ली-NCR को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने दी राहत, देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी बरकरार

नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update: पूरा भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। एक ओर जहां कई शहरों का अधिकतम तापमान 50 डिग्री के पास पहुंच चुका है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मंगलवार सुबह हल्की हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों को राहत प्रदान की।

इससे पहले पिछले कुछ दिनों की रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बाद सोमवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। सुबह के समय हवा से राहत मिली तो दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इससे दिल्ली वासियों को थोड़ी राहत मिली। मंगलवार और बुधवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

मौसम के मिजाज में सोमवार को सुबह के समय थोड़ी नरमी थी। हवा भी चल रही थी। हालांकि, दिन के समय धूप की तपन तेज थी, लेकिन अन्य दिनों की तुलना में चुभन थोड़ा कम थी। पूर्वी और चक्रवाती हवाओं के संयुक्त प्रभाव से ही सही, अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

पालम में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने औसत अधिकतम सामान्य स्तर पर 40.6 और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। नमी का स्तर अधिकतम 62 और न्यूनतम 39 फीसद रिकार्ड किया गया।

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, पश्चिमी पाकिस्तान और राजस्थान की ओर से चक्रवाती हवाएं चल रही है। पूर्वी हवा भी जारी है। इन दोनों के मिलने से ही मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला है। मंगलवार और बुधवार को भी दिनभर बादल छाए रहेंगे।

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पलावत के अनुसार, दो दिन बाद भी अब लू चलने और तापमान में अधिक इजाफा होने की संभावना नहीं है।

बिजली की मांग 66 सौ मेगावाट के पार

दिल्ली में बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। रविवार को अवकाश के दिन भी मांग में कमी आने के बजाय बढ़ोतरी दर्ज की गई। मध्य रात्रि में मांग 65 सौ मेगावाट को पार कर गई थी। सोमवार को भी बिजली की मांग में बढ़ोतरी जारी रही और अपराह्न 3.21 बजे अधिकतम मांग 6612 मेगावाट दर्ज की गई। यही हाल रहा तो अगले कुछ दिनों में अधिकतम मांग का रिकॉर्ड भी टूट सकता है। मांग बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती की समस्या भी बढ़ रही है।

पिछले वर्ष दस जुलाई को अधिकतम मांग 7016 मेगावाट दर्ज हुई थी जो कि अबतक का रिकॉर्ड है। लेकिन इस बार यह रिकॉर्ड जून के पहले पखवाड़े में ही टूट जाने की संभावना जताई जा रही है। सबसे ज्यादा मांग दोपहर के बाद और मध्य रात्रि को दर्ज हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों समय लोग एयर कंडीशनर (एसी) का ज्यादा प्रयोग करते हैं, जिससे मांग बढ़ती है। इस कारण घनी आबादी वाले इलाके में लोगों को बिजली कटौती का भी सामना करना पड़ रहा है। रविवार मध्य रात्रि को 48 मेगावाट कम बिजली आपूर्ति हुई। वहीं पूरे दिन में 75 मेगावाट बिजली की कटौती की गई। आने वाले दिनों में बिजली कटौती की समस्या और बढ़ सकती है। 

वहीं, अमेरिका की मौसम निगरानी वेबसाइट अल डोराडो की मानें तो 24 घंटों के दौरान (रविवार शाम 5.00 बजे से सोमवार शाम 5.00 बजे तक) दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में 10 भारत के रहे, शेष पाकिस्तान के। झुलसती गर्मी का आलम यह है कि देश के आधे से अधिक हिस्से में लू चल रही है। हरियाणा में सोमवार को सिरसा जिले के केहरवाला गांव में अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब के ब¨ठडा में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री रहा। महाराष्ट्र का नागपुर 47 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में जबरदस्त लू चल रही है। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। फूड डिलीवरी एप जोमैटो ने अपने ग्राहकों से निवेदन किया है कि जब उसका स्टाफ खाने की डिलीवरी लेकर पहुंचे तो उसे पीने के लिए ठंडा पानी जरूर पेश करें।

बढ़ रही मरने वालों की संख्या

देश भर में प्रचंड गर्मी से मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो तेलंगाना में पिछले तीन सप्ताह में गर्मी से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। पंजाब में गर्मी के चलते एक जबकि राजस्थान के बीकानेर और हरियाणा के गुरुग्राम में लू के चलते दो लोगों की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान व मध्य प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी कर रखा है। रेड अलर्ट के दौरान दिन में बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। लू के चलते मौसम विभाग चार श्रेणियों में अलर्ट जारी करता है, जिसमें रेड, ऑरेंज, येलो और ग्रीन अलर्ट शामिल हैं। रेड अलर्ट तब जारी किया जाता है जब सामान्य अधिकतम तापमान से चार डिग्री से अधिक तापमान हो। सरकार ने गर्मी से बचने के लिए दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। राजस्थान के चुरू में तापमान से पिघल रहीं सड़कों को बचाने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। चुरू को थार रेगिस्तान का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी