दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 7 साल का रिकॉर्ड, गुरुग्राम में पारा 1.5 डिग्री; 15 ट्रेनें चल रही देरी से

मौसम विभाग के अनुसार अभी 3-4 दिन तक ठंड में वृद्धि का दौर ऐसा ही रहेगा। तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है। कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने से शीत लहर भी चलेगी।

By Edited By: Publish:Wed, 26 Dec 2018 08:35 PM (IST) Updated:Thu, 27 Dec 2018 10:30 AM (IST)
दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 7 साल का रिकॉर्ड, गुरुग्राम में पारा 1.5 डिग्री; 15 ट्रेनें चल रही देरी से
दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 7 साल का रिकॉर्ड, गुरुग्राम में पारा 1.5 डिग्री; 15 ट्रेनें चल रही देरी से

नई दिल्ली, जेएनएन। गुजरते वर्ष के साथ सर्दी भी अपनी रंगत पर आती जा रही है। हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड से दिल्लीवासियों की हालत भी खस्ता होने लगी है। 26 दिसंबर का दिन इस सीजन का ही नहीं, बल्कि 2011 के बाद अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान और नीचे गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। यही वजह रही कि दिल्ली वासी सुबह जब सोकर उठे तो बिस्तर छोड़ने की हिम्मत ही नहीं हो रही थी। बृहस्पतिवार को भी ऐसा ही हाल रहा। ठंड के साथ कोहरे का कहर हवाई और ट्रेन यात्रा पर भी असर डाल रहा है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, दिल्ली में 15 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

 

गुरुग्राम में 1.5 डिग्री पहुंचा न्यूनतम पारा

दिल्ली से सटे गुरुग्रा में कोहरे के साथ-साथ कड़ाके की ठंड ने भी लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। कोहरे की वजह से सड़क यातायात पर भी सुबह असर पड़ा। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रसे-वे पर वाहन चालकों को मुश्किलों से गुजरना पड़ा। गुरुग्राम में बृहस्पतिवार को न्यूनतम पारा 1.5 पहुंच गया। इससे गुरुग्राम में बुधवार को अधिकतम तापमान 22.2 और न्यूनतम 04.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

गाजियाबाद में ठंड से बुरा हाल
गाजियाबाद में नए साल का आगाज कड़ाके की सर्दियों के साथ होगा। साल की विदाई इस समय लोग हाड़कंपा देने वाली सर्दी से परेशान हैं, इससे लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। बुधवार की सुबह चार डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया जो शाम होते ही तीन डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम बीस रहा। देहात क्षेत्रों में सुबह के समय में अधिक पाला पड़ने से खेतों पर हल्की बर्फ की सी चादर खेतों में बिछी नजर आई। मार्निंग वाक पर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। अलाव जलाकर लोगों ने ठंड दूर करने का प्रयास किया लेकिन वह नाकाफी रहा। बृहस्पतिवार को भी कुछ ऐसा ही हाल है। 

तीन दिन रहेगी ऐसी ही ठंड
कृषि वैज्ञानिक डा. अरविंद यादव ने बताया कि तीन दिनों तक इसी तरह से ठंड बनी रहेगी। बृहस्पतिवार को भी न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सर्द हवाएं चलने से कोहरा नहीं बन पाया है। जैसे ही हवा थमेगी, आसमान में कोहरा भी छा जाएगा। लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। इस सर्दी से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को लाभ और आलू को नुकसान होने के आशंका जता रहे हैं।

नोएडा में ठंड के साथ कोहरे व प्रदूषण का भी कहर

नोएडा में प्रदूषण में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन तापमान कम होने से ठंड लगातार बढ़ रही है। ग्रेटर नोएडा में बुधवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स में प्रदूषण का स्तर 400 से नीचे दर्ज किया गया, जो अत्यंत खराब की श्रेणी में आता है। बीते तीन दिनों के दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक पर प्रदूषण 56 एसपीएम (सस्पेंडेड पर्टिकुलर मैटर) तक नीचे आया है। हालांकि, तापमान में गिरावट लगातार जारी है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो मंगलवार को 17 डिग्री सेल्सियस था। 

फरीदाबाद में ठिठुरन बढ़ी, लोगों ने लिया अलाव का सहारा

फरीदाबाद में भी ठंड से लोग परेशान नजर आए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलते मौसम में सेहत पर खास ध्यान देने की जरूरत है। इन दिनों हृदय तथा सांस के रोगियों में इजाफा हो जाता है। निजी व सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। मौसम के प्रभाव के चलते बुखार, गला संक्रमण तथा खांसी के मामले भी आ रहे हैं। बादशाह खान अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 2000 से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। इसमें से 250 से अधिक मरीज बुखार तथा सांस संबंधी आ रहे हैं। धूप खिलने की वजह से प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली। बुधवार को 350 के करीब रहा प्रदूषण का स्तर। सर्दी में रक्तचाप प्रभावित होता है तो हृदय रोगी भी बढ़ते हैं। इस मौसम में हृदय आघात का जोखिम ज्यादा रहता है। पुराने हृदय रोगी सूर्य निकलने से पहले घर से बाहर न निकलें।

मौसम विभाग के अनुसार अभी तीन चार दिनों तक ठंड में वृद्धि का दौर ऐसा ही रहेगा। तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है। कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने के कारण शीत लहर भी चलेगी। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम ही रहेगी। इस दौरान कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ाएगा।

कोहरे के कारण बुधवार को सुबह साढ़े चार से छह बजे तक दृश्यता का स्तर महज 150 मीटर दर्ज किया गया। इसके बाद साढ़े सात बजे तक यह 250 मीटर और उसके बाद छह सौ मीटर दर्ज किया गया। गुरुवार को यह और नीचे गिर कर एक सौ मीटर तक चले जाने का पूर्वानुमान है।

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि 26 दिसंबर का दिन पिछले सात सालों में इतना ठंडा कभी नहीं रहा। इससे पूर्व 2011 में इस दिन का तापमान 3 डिग्री तक गया था। वहीं स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार अगले कई दिनों तक दिल्ली को ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि दिन के समय धूप खिली रहेगी।  

chat bot
आपका साथी