गुरुग्राम में होली पर हैवानियत वाले 5 और आरोपित गिरफ्तार

भोंडसी जेल रोड स्थित भूप सिंह नगर कॉलोनी विवाद मामले में पुलिस ने मंगलवार को पांच अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

By Edited By: Publish:Tue, 26 Mar 2019 08:41 PM (IST) Updated:Wed, 27 Mar 2019 01:51 PM (IST)
गुरुग्राम में होली पर हैवानियत वाले 5 और आरोपित गिरफ्तार
गुरुग्राम में होली पर हैवानियत वाले 5 और आरोपित गिरफ्तार

गुरुग्राम, जेएनएन। जिले के भोंडसी जेल रोड स्थित भूप सिंह नगर कॉलोनी विवाद मामले में पुलिस ने मंगलवार को पांच अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से अनिल के खिलाफ बादशाहपुर थाने में पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। भोंडसी थाना पुलिस पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पीड़ित पक्ष अभी भी दहशत में है। परिवार के बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। बता दें कि होली के दिन क्रिकेट खेलने के दौरान दो अलग-अलग समुदाय से जुड़े युवकों में मारपीट हो गई थी। पहले एक समुदाय के युवकों ने दूसरे समुदाय के दो युवकों को पीटा था। मार खाने के बाद युवकों ने नया गांव से अपने परिवार के लड़कों को बुला लिया और मारपीट करने वाले युवकों के घर में घुसकर लाठी-डंडों से परिवार के लोगों को बुरी तरह से पीटा था।

हमलावरों ने परिवार के मुखिया साजिद और घर की महिलाओं पर भी डंडे से वार किया। आरोप पत्थर और गोली चलाने का भी लगा था। पुलिस पर देर से पहुंचने के आरोप भी लगे थे। इस घटना को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई। पुलिस ने घटना वाले दिन ही एक आरोपित को पकड़ लिया था। उसके अगले दिन चार आरोपित पकड़े गए। मंगलवार को पुलिस ने नया गांव निवासी अनिल, गौरव व प्रदीप, रोहित तथा ललित को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी (साउथ) हिमांशु गर्ग ने बताया कि पुलिस टीम गिरफ्त में आए युवकों से पूछताछ कर अन्य आरोपितों को पकड़ने में लगी हुई है। पीड़ित पक्ष को सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। आरोपित पक्ष की ओर से वीडियो वायरल आरोपित युवकों की ओर से नया गांव की महिलाओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वॉट्सएप ग्रुपों पर यह तेजी से फैल रहा है।

इसमें बुजुर्ग महिलाओं की ओर से गांव के सरपंच समेत अन्य राजनेताओं पर उनकी मदद नहीं करने का आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि ऐसे समय में जो उनके पक्ष की मदद नहीं करेगा, उसे आगामी चुनाव में वे वोट भी नहीं देंगे। करीब दो मिनट की वीडियो में महिलाओं ने आरोप लगाया कि पहले उनके बेटों से दूसरे पक्ष ने मारपीट की। इसमें उन्हें काफी चोट आई। इसका बदला लेने के लिए हमारे युवकों ने जाकर मारपीट की थी। लेकिन हमारी शिकायत पर कोई एफआइआर दर्ज नहीं की गई।

पांच दिन से गांव में पुलिस ने भय का माहौल बना रखा है। किसी भी समय आकर घर में घुस जाते हैं। खुद गांव के सरपंच पुलिस के साथ आकर हमारे बच्चों को पकड़वा रहे हैं। अन्य सामाजिक या राजनेता भी उनकी मदद नहीं कर रहे हैं सिर्फ एक पक्ष की ही बात सुनी जा रही है।

chat bot
आपका साथी