कांग्रेस का AAP से गठबंधन पर शीला और पीसी चाको में खत्म नहीं हुआ मतभेद, दिया ये बड़ा बयान

आम आदमी पार्टी से गठबंधन के मसले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा कि गठबंधन पर न रास्ते खुले हैं और न ही बंद हैं।

By Edited By: Publish:Thu, 04 Apr 2019 08:00 PM (IST) Updated:Thu, 04 Apr 2019 08:38 PM (IST)
कांग्रेस का AAP से गठबंधन पर शीला और पीसी चाको में खत्म नहीं हुआ मतभेद, दिया ये बड़ा बयान
कांग्रेस का AAP से गठबंधन पर शीला और पीसी चाको में खत्म नहीं हुआ मतभेद, दिया ये बड़ा बयान

नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी से गठबंधन के मसले पर बृहस्पतिवार को भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित और प्रदेश प्रभारी पीसी चाको में मतभेद दिखा। शीला ने बयान दिया कि गठबंधन पर न रास्ते खुले हैं और न ही बंद हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन की बात कौन कर रहा है, मुझे नहीं मालूम। लेकिन हम अकेले चुनाव लड़ना चाहते हैं, यह हम बार-बार कह रहे हैं।

दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने कहा कि गठबंधन पर रास्ते भी खुले हुए हैं और बातचीत भी चल रही है। दोनों ही नेताओं ने यह बयान बृहस्पतिवार को राजीव भवन में प्रदेश स्तर पर कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी, प्रदेश के सह प्रभारी कुलजीत सिंह नागरा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हारून यूसुफ, राजेश लिलोठिया, पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल, योगानंद शास्त्री, रमाकांत गोस्वामी और प्रवक्ता जितेंद्र कोचर भी उपस्थित थे।

दिल्ली की सातों सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा में हो रही देरी पर शीला दीक्षित ने कहा, हमारे पास करीब 84 आवेदन आए हैं। ऐसे में उपयुक्त नामों के चयन में थोड़ा बहुत समय लग सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संभावित उम्मीदवारों में नए चेहरों को भी मौका दिया जा सकता है। पूर्ण राज्य के मुद्दे पर शीला ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पूर्ण राज्य पर रोज बोलते रहते हैं, मैं उस पर कभी ध्यान भी नहीं देती हूं। शायद उन्हें संविधान की जानकारी ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र अधिनियम के मुताबिक दिल्ली में मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल दोनों की व्यवस्था कायम की गई है। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्य की मांग हमने भी की थी। तब केंद्र में कांग्रेस सरकार ही थी। तब हमें समझाया गया था कि दिल्ली देश की राजधानी है। इसके चलते संविधान को बदलना पड़ेगा। मुझे नहीं पता, केजरीवाल को यह पता है कि नहीं।

पार्टी के घोषणा पत्र पर उन्होंने कहा कि, बहुत बढि़या घोषणा पत्र है। यह केवल दिल्ली ही नहीं सारे देश की बात कर रहा है क्योंकि यह हमारी पार्टी का अखिल भारतीय घोषणापत्र है। देश की जनता इसे बहुत ज्यादा पसंद कर रही है। उन्होंने कहा कि यह घोषणा पत्र लोकप्रिय ही नहीं, आवश्यक भी है। इसके वायदों को पूरा करने के लिए हम कटिबद्ध हैं। आज पूरा हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी की वजह से है। जो भी देश के लिए किया है कांग्रेस ने ही किया है।

शीला ने दावा किया कि देश का सारा विकास कांग्रेस ने किया, हमें इस पर गर्व है। शीला के मुताबिक दिल्ली में भी प्रतिमाह छह हजार रुपये वाली न्याय स्कीम लागू होगी। इससे दिल्ली को बहुत फायदा होगा। वहीं राजेश लिलोठिया ने कहा कि, पुडुचेरी और दिल्ली में फर्क है। दिल्ली एक विशेष मामला है। दिल्ली की तुलना दूसरे राज्यों से नहीं हो सकती है। यहां पर पूर्ण राज्य को लेकर बहुत बड़ी प्रक्रिया है।

शीला ने कहा कि केजरीवाल सिर्फ लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। केजरीवाल को भी पता है कि पूर्ण राज्य का दर्जा संभव नहीं है, लेकिन वह सिर्फ दूसरों को जिम्मेदार ठहराने के लिए यह सब कर रहे हैं। सच यह भी है कि केजरीवाल सरकार चलाने में सक्षम नहीं है। वह सिर्फ दूसरों को जिम्मेदार ठहराकर खुद को बचाना चाहते हैं।

chat bot
आपका साथी