दिल्ली में बेखौफ बदमाशों ने कार सवार को उतारा मौत के घाट, गोलियों से किया छलनी
पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में देर रात कार सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान इमरान के रुप में हुई थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में देर रात होंडा सिटी कार सवार एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं गईं। इसमें कार सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान इमरान (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया है। हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 12:35 बजे वारदात हुई। मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने इमरान की कार रोकी और गोलियां चलानी शुरू कर दी। 6 से 7 राउंड गोलियां चलाकर बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इमरान को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इमरान परिवार के साथ शाहदरा में रहते थे। वह एक दुकान में काम करते थे। कार किसी और की बताई जा रही है।
बुधवार सुबह एक अन्य युवक की हत्या
उधर, उत्तर-पूर्व दिल्ली के दुर्गापुरी चौक पर बुधवार सुबह एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पायी है।
बताया जा रहा है कि दुर्गापुरी चौक पर बुधवार सुबह अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक शख्श पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से शख्स लहुलुहान हो गया। मामले की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।