सीमापुरी में पथराव के मामले में दर्ज किया गया नया केस,12 थानाक्षेत्रों में अब भी धारा-144 लागू

CAA protest in Delhi नया मामला शाहदरा जिले के सीमापुरी थाने में दर्ज किया गया है जहां शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान पथराव किया गया था।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sat, 21 Dec 2019 09:02 PM (IST) Updated:Sat, 21 Dec 2019 09:02 PM (IST)
सीमापुरी में पथराव के मामले में दर्ज किया गया नया केस,12 थानाक्षेत्रों में अब भी धारा-144 लागू
सीमापुरी में पथराव के मामले में दर्ज किया गया नया केस,12 थानाक्षेत्रों में अब भी धारा-144 लागू

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। CAA protest in Delhi: नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में यमुनापार में अब तक पांच मामले दर्ज हो चुके हैं। नया मामला शाहदरा जिले के सीमापुरी थाने में दर्ज किया गया है , जहां शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान पथराव किया गया था। इसमें अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह सहित तीन पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं थीं। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले उत्तर पूर्वी जिले के दयालपुर में दो, जाफराबाद और सीलमपुर में एक-एक मामले दर्ज किए थे।

अब तक कुल 23 लोगों की हुई है गिरफ्तारी

इन चारों मामलों में कुल 23 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इस तरह से यमुनापार में हिंसा के मामले में 34 आरोपितों को पुलिस पकड़ चुकी है। इनमें कई को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भी भेज दिया गया है। 

12 थाना क्षेत्रों में अब भी धारा 144

उत्तर पूर्वी जिले में हर्ष विहार और सोनिया विहार को छोड़कर अन्य 12 थानाक्षेत्रों में अब भी धारा-144 लगी हुई है। यहां शनिवार को पूरी तरह से शांति रही। संयुक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार और पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

इन इलाकों में हुआ फ्लैग मार्च

शनिवार को भी पुलिस अधिकारियों ने जाफराबाद, सीलमपुर, चांद बाग, नूर-ए-इलाही, सुंदर नगरी, खजूरी आदि जगहों पर फ्लैग मार्च किया। इसके अलावा सभी थाना क्षेत्रों में एसीपी और थानाप्रभारी भी गश्त लगा रहे हैं। जिले में शांति कायम रखने के लिए मस्जिदों के इमामों, मौलवियों और अमन कमेटी के सदस्यों की मदद ली जा रही है। उनसे शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील करवाई जा रही है। पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि सभी जगहों पर शांति बनी हुई है। पुलिस की प्राथमिकता इसे बरकरार रखने की है।

सीमापुरी इलाके में हुआ था उपद्रव

उधर, शाहदरा के पुलिस उपायुक्त अमित शर्मा ने बताया कि पुरानी सीमापुरी इलाके में शुक्रवार को जिस जगह लोगों ने उपद्रव किया था। वह इलाका बिल्कुल दिल्ली की सीमा से सटा हुआ है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में गाजियाबाद के शहीद नगर से लोग दिल्ली की सीमा में आकर प्रदर्शन कर रहे थे। बाद में इन लोगों ने पथराव कर दिया। इस संबंध में सीमापुरी थाने में ड्यूटी के दौरान जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक

chat bot
आपका साथी