AAP के खेवनहार बने कुमार विश्‍वास, गोवा-पंजाब विधानसभा चुनाव का जिम्‍मा

गोवा व पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने की जिम्‍मेदारी अब आप नेता कुमार विश्‍वास की भी होगी। पंजाब चुनाव के स्टार प्रचारकों में नाम नहीं होने को लेकर शुरू हुईं अटकलों के कुछ घंटे बाद ही आप ने पार्टी के विश्वास का नाम भी शामिल कर लिया।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Sat, 07 Jan 2017 11:25 AM (IST) Updated:Sun, 08 Jan 2017 09:14 AM (IST)
AAP के खेवनहार बने कुमार विश्‍वास, गोवा-पंजाब विधानसभा चुनाव का जिम्‍मा

नई दिल्ली [ जेएनएन ]। गोवा और पंजाब विधानसभा चुनाव में कुमार विश्वास आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे। पंजाब चुनाव के स्टार प्रचारकों में नाम नहीं होने को लेकर शुरू हुईं अटकलों के कुछ घंटे बाद ही आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्टी के वरिष्ठ नेता व कवि कुमार विश्वास का नाम भी शामिल कर लिया।

अब वह पंजाब और गोवा दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि पंजाब के स्टार प्रचारकों में कुमार विश्वास का नाम है।

दरअसल, इसके पहले आप की ओर से चुनाव आयोग को सौंपी गई सूची में 28 प्रचारकों के नाम थे, जिसमें कुमार विश्वास का नाम नहीं था। इसके बाद खबर फैली कि कुमार विश्वास पार्टी के शीर्ष नेताओं से नाराज हैं।

इसी वजह से उनका नाम पंजाब के स्टार प्रचारकों में नहीं हैं। हालांकि गोवा के स्टार प्रचारकों में कुमार विश्वास का नाम 9वें नम्बर पर जरूर दिखा। यहां आप के 17 स्टार प्रचारक लोगों के बीच जाकर वोट मांगेंगे।

गोवा की सूची में कुमार विश्वास के अलावा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, श्रम मंत्री गोपाल राय, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष व सीएम उम्मीदवार एल्विस गोम्स प्रमुख चेहरा हैं।

इसमें सिर्फ एक महिला प्रचारक अलका लांबा का नाम है, जो कि चांदनी चौक से विधायक हैं। बता दें कि गोवा के उत्तरी हिस्से में हिंदुओं की संख्या ज्यादा है, यहां कुमार विश्वास को सबसे ज्यादा मेहनत करनी होगी।

यहां हिंदी भाषी तबका काफी तादाद में है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया व कपिल मिश्रा भी पंजाब और गोवा दोनों राज्यों में आप के लिए प्रचार करेंगे।

गोवा दौरे पर केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज से दो दिवसीय यात्रा पर गोवा जा रहे हैं। गोवा में आप के लिए प्रचार करेंगे। पहले दिन वे बेनाउलिम और वास्को में, दो दूसरे दिन मपूसा और सनक्लूलिम में मीटिंग करेंगे। यहां केजरीवाल पार्टी के नेताओं से आगमी रणनीतियों पर भी चर्चा करेंगे।

chat bot
आपका साथी