जानिए किन वजहों से प्रदूषण में हो रही बढ़ोतरी और पराली के धुएं का क्या है योगदान? हवा की रफ्तार ही देगी राहत

दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी अब नहीं के बराबर रह गई है। सफर इंडिया की मानें तो प्रदूषण में वृद्धि की वजह हवा की रफ्तार में कमी और स्थानीय प्रदूषक तत्वों का बढ़ना रहा। अभी दो दिन एयर इंडेक्स की यही श्रेणी बनी रहेगी।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 12:31 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 12:31 PM (IST)
जानिए किन वजहों से प्रदूषण में हो रही बढ़ोतरी और पराली के धुएं का क्या है योगदान? हवा की रफ्तार ही देगी राहत
दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी अब नहीं के बराबर रह गई है।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली-एनसीआर की हवा में घुला जहर बुधवार को फिर बढ़ गया। मंगलवार को जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 300 से नीचे आ गया था, वहीं बुधवार को फिर 300 के पार हो गया।

हालांकि, दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी अब नहीं के बराबर रह गई है। सफर इंडिया की मानें तो प्रदूषण में वृद्धि की वजह हवा की रफ्तार में कमी और स्थानीय प्रदूषक तत्वों का बढ़ना रहा। सफर का पूर्वानुमान है कि अभी दो दिन एयर इंडेक्स की यही श्रेणी बनी रहेगी। 27 नवंबर से हवा की रफ्तार बढ़ने पर ही प्रदूषण में राहत मिल सकती है।

दिल्ली के ज्यादातर इलाके रेड जोन में : केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली के ज्यादातर इलाके रेड जोन में रहे। पीएम 2.5 का स्तर 171 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर, जबकि पीएम 10 का स्तर 327 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रहा।

आठ किमी प्रति घंटा रही हवा की रफ्तार

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को सफदरजंग और पालम दोनों एयरपोर्ट पर हवा की अधिकतम रफ्तार अधिकतम आठ किमी प्रति घंटे तक रही। बाद में शांत हो गई। दृश्यता का स्तर सफदरजंग हवाईअड्डे पर सुबह साढ़े आठ बजे 600 मीटर, जबकि पालम हवाई अड्डे पर 1,500 मीटर रही। इसके बाद इसमें सुधार होता गया।

9.2 डिग्री रहा दिल्ली का न्यूनतम तापमान

हल्की धूप के बीच मंगलवार को हवा भी मंद पड़ गई। हवा की रफ्तार ज्यादा न होने से प्रदूषण छंटने में भी ज्यादा मदद नहीं मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। हवा में नमी का स्तर 40 से 95 फीसद दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह में कोहरा होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 और 11 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

chat bot
आपका साथी