Delhi Weather: मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच रविवार से बढ़ेगा पारा, दिल्ली में इस दिन बारिश का अनुमान

तेज ठंडी हवा चलने के कारण शुक्रवार की सुबह फरवरी के चौथे सप्ताह में पांच वर्ष में सबसे अधिक ठंडी रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आकाश साफ रहेगा। इस महीने के अंत तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं दिल्ली हरियाणा और पंजाब सहित उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों पर अगले सप्ताह एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Shyamji Tiwari Publish:Sat, 24 Feb 2024 06:00 AM (IST) Updated:Sat, 24 Feb 2024 06:00 AM (IST)
Delhi Weather: मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच रविवार से बढ़ेगा पारा, दिल्ली में इस दिन बारिश का अनुमान
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच रविवार से बढ़ेगा पारा

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह तेज ठंडी हवा चलने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। इस वजह से चार दिन बाद न्यूनतम तापमान एक बार फिर दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया और सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा।

शनिवार को साफ रहेगा आकाश

इस वजह से शुक्रवार की सुबह फरवरी के चौथे सप्ताह में पांच वर्ष में सबसे अधिक ठंडी रही। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को आकाश साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार के बाद न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाएगा।

इस दिन हल्की बारिश का अनुमान

वहीं इस महीने के अंत तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब सहित उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों पर अगले सप्ताह एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार के बाद दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। जो फरवरी के चौथे सप्ताह में वर्ष 2019 के बाद सबसे कम है।

28 फरवरी 2019 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सबसे कम लोधी रोड में 7.2 डिग्री सेल्सियस और आया नगर में 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 19 फरवरी को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया था। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस था।

मध्यम श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही रहेगी। इससे अभी प्रदूषण से राहत रहेगी। इसके बाद प्रदूषण का एयर इंडेक्स बढ़कर खराब श्रेणी में पहुंच सकता है।

सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 142 रहा जो मध्यम श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स मध्यम श्रेणी में 150 था। एनसीआर के शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। इस वजह से फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 122, गाजियाबाद का 118, ग्रेटर नोएडा का 138, गुरुग्राम का 127 और नोएडा का एयर इंडेक्स 120 रहा।

यह भी पढे़ं- 

दिल दहला देने वाली घटना: दिल्ली में पैरों से कुचलकर गाय ने व्यक्ति को मार डाला, खड़े देखते रहे लोग

कोरोना के बाद अचानक मौतों पर हुआ अध्‍ययन: सांस रुकने से हुईं 22 प्रतिशत मौतें, प्रदूषण भी एक कारण

chat bot
आपका साथी