गृह मंत्री और उपराज्यपाल के अस्‍पताल दौरे के बाद बोले घायल जवान, हमारा हौसला बढ़ा

ट्वीट कर गृह मंत्री ने बताया कि उन्होंने उपद्रव में घायल दिल्ली पुलिस के बहादुर पुलिसकर्मियों से अस्पताल में भेंट की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गणतंत्र दिवस के दिन हुई हिंसा में बहादुरी और संयम की जो मिसाल दिल्ली पुलिस ने पेश की उसपर गर्व है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 09:53 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 09:53 PM (IST)
गृह मंत्री और उपराज्यपाल के अस्‍पताल दौरे के बाद बोले घायल जवान, हमारा हौसला बढ़ा
गृह मंत्री और उपराज्यपाल ने अस्पताल में भर्ती पुलिस कर्मियों का जाना हालचाल

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने अस्पताल में जाकर भर्ती पुलिस कर्मियों का हालचाल जाना। इस दौरान गृह मंत्री ने घायल पुलिस कर्मियों का हौसला बढ़ाया और उनके परिजनों को सांत्वना दी। वहीं, उन्होंने डाक्टरों को पुलिस कर्मियों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध करवाने का निर्देश भी दिया। ट्वीट कर गृह मंत्री ने बताया कि उन्होंने उपद्रव में घायल दिल्ली पुलिस के बहादुर पुलिसकर्मियों से अस्पताल में भेंट की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गणतंत्र दिवस के दिन हुई हिंसा में बहादुरी और संयम की जो मिसाल दिल्ली पुलिस ने पेश की उसपर पूरे देश को गर्व है।

वहीं, अपने दौरे में उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा गलत है। पुलिस अपना काम कर रही है। किसी भी आरोपित को बक्शा नहीं जाएगा। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 12 बजे गृह मंत्री अमित शाह कश्मीरी गेट स्थित सुश्रुत ट्रामा सेंटर पहुंचे थे। उनके साथ दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। गृह मंत्री ने अस्पताल में भर्ती कांस्टेबल राजा चौधरी और भावनी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी हौसला बढ़ाया। वहीं, उन्होंने उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए फलों की टोकरी दी।

बाद में अमित शाह तीस हजारी स्थित तीरथ राम अस्पताल में भर्ती पुलिस कर्मियों से मिलने गए। सुश्रुत ट्रामा सेंटर में भर्ती भवानी से सिर में गंभीर चोटें लगी है और राजा के शरीर में कई जगह फैक्चर आया है। जबकि तीरथ राम अस्पताल में पांच घायल पुलिस कर्मियों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल घायल हुए पुलिस कर्मियों का हाल जानने के लिए करीब एक बजे सुश्रुत ट्रामा सेंटर पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस कर्मियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना के साथ ही सभी से शांति और संयम बरतने का आग्रह भी किया। पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने अपने संदेश में कहा कि किसान आंदोलन के उग्र होेने के बावजूद पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय दिया दिया। जिसके कारण कुशलता पूर्वक पुलिस किसान आंदोलन जैसी चुनौती का मुकाबला कर सकी। जिनका उपचार अभी भी अस्पतालों में चल रहा है उन्हें पुलिस हर सुविधा उपलब्ध करवाएगी। इस मौके पर भारत सरकार के गृह सचिव अजय कुमार भल्ला सहित स्पेशल सीपी राजेश खुराना और उत्तरी जिला के डीसीपी एंटो अल्फोंस सहित अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी व डाक्टर मौजूद रहे।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी