अगले 3 से 4 दिन भीषण गर्मी से नहीं मिलेगी राहत, रिकॉर्ड ऊंचाई पर जा सकता है तापमान

स्काईमेट के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में मौसम अपने सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है। संभावना है कि पालम में तापमान इस हफ्ते 47 से 48 डिग्री सेल्सियस को छू ले।

By Edited By: Publish:Wed, 23 May 2018 07:44 PM (IST) Updated:Thu, 24 May 2018 11:27 AM (IST)
अगले 3 से 4 दिन भीषण गर्मी से नहीं मिलेगी राहत, रिकॉर्ड ऊंचाई पर जा सकता है तापमान
अगले 3 से 4 दिन भीषण गर्मी से नहीं मिलेगी राहत, रिकॉर्ड ऊंचाई पर जा सकता है तापमान

नई दिल्ली [जेएनएन]। पिछले दो दिनों से दिल्ली प्रचंड गर्मी का सामना कर रही है। लू के थपेड़े और धूप की तपिश जीना मुहाल किए हुए है। इस बीच बृहस्पतिवार को दोपहर बाद आंधी आने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली कमी तो आएगी, लेकिन गर्मी और लू से बहुत अधिक राहत नहीं मिलेगी। तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच ही बना रहेगा।

सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा तापमान 

बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। पालम में तापमान 45.2, जाफरपुर में 44.3, लोधी रोड में 42.4, रिज में 43.2, आया नगर में 43.9, डीयू में 43.3, मंगेशपुर में 43.2, नजफगढ़ में 42.4, नरेला में 42.9 डिग्री तक गया। बृहस्पतिवार को तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

तापमान में कमी नहीं आएगी

मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। धूल भरी तेज आंधी आ सकती है। इसकी वजह से तापमान में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हल्की कमी देखने को मिलेगी। लेकिन, 26 मई से यह फिर 44 से 45 डिग्री तक पहुंचेगा। इसके बाद 28 मई को आधी की संभावना है लेकिन इससे तापमान में कमी नहीं आएगी।

गर्मी से नहीं मिलेगी राहत 

स्काईमेट वेदर के अनुसार दिल्ली और एनसीआर को अगले 4 से 5 दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस समय अधिकांश क्षेत्र लू की चपेट में है और अगले कुछ दिनों तक लू का प्रकोप बना रहेगा। इस दौरान उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ की संभावना भी नहीं है और न ही मैदानी क्षेत्रों में कोई प्रभावी मौसमी सिस्टम सक्रिय हो रहा है।

हवा दिल्ली में गर्मी बढ़ा रही है

स्काईमेट के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में मौसम अपने सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है। संभावना है कि पालम में तापमान इस हफ्ते 47 से 48 डिग्री सेल्सियस को छू ले। इसके अलावा सफदरजंग सहित दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी तापमान 45 डिग्री तक जाने के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हवा दिल्ली में गर्मी बढ़ा रही है। इस तरह का मौसम 28 से 29 मई तक बना रहेगा।

यह भी पढ़ें: समूचा उत्तर भारत गर्म हवा की चपेट में, 24 मई को दिल्ली समेत कई राज्यों में आएगी तेज आंधी

chat bot
आपका साथी