109 किमी की रफ्तार से आई आंधी, दो दिनों तक मिलेगी गर्मी से राहत, बारिश के आसार

109 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आई आंधी के झोंके ने न सिर्फ जनजीवन अस्त व्यस्त किया बल्कि वाहन चालकों को कुछ देर रुकने और बाद में लाइट जलाकर चलने पर मजबूर कर दिया।

By Amit MishraEdited By: Publish:Sun, 13 May 2018 09:02 PM (IST) Updated:Sun, 13 May 2018 09:02 PM (IST)
109 किमी की रफ्तार से आई आंधी, दो दिनों तक मिलेगी गर्मी से राहत, बारिश के आसार
109 किमी की रफ्तार से आई आंधी, दो दिनों तक मिलेगी गर्मी से राहत, बारिश के आसार

नई दिल्ली [जेएनएन]। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद रविवार शाम चली तेज आंधी एवं उसके बाद आई बारिश ने फिजा ही बदल दी। दिल्लीवासियों को न केवल गर्मी से राहत महसूस हुई बल्कि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। राहत का यह दौर अभी अगले दो तीन दिन तक बना रहेगा।

109 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आई आंधी

रविवार को सुबह से ही वातावरण में तेज धूप के कारण उमस थी। यही वजह रही कि छुट्टी का दिन होने के बावजूद लोग घरों में कैद नजर आए। शाम चार बजे के बाद धीरे-धीरे बादल घिरने शुरू हुए तो कुछ देर बाद शाम के समय ही रात जैसा आलम हो गया। 109 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आई आंधी के झोंके ने न सिर्फ जनजीवन अस्त व्यस्त किया बल्कि वाहन चालकों को कुछ देर रुकने और बाद में लाइट जलाकर चलने पर मजबूर कर दिया।

बारिश 4.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई

रविवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। नमी का स्तर अधिकतम 61 और न्यूनतम 41 फीसद दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे तक बारिश 4.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

पहले ही जताई गई थी संभावना 

मौसम विभाग के मुताबिक, इस आशय का पूर्वानुमान पहले ही जारी किया जा चुका था, लेकिन रविवार को हरियाणा के ऊपर बनी चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण इसकी गहनता एकाएक बढ़ गई। इसके साथ ही एक बार फिर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक साबित नहीं हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि आंधी 40 से 50 किमी की रफ्तार से आएगी जबकि आंधी की रफ्तार 109 किमी थी। इसी तरह आठ मई के पूर्वानुमान में भी मौसम विभाग गच्चा खा गया था। तब 100 किमी तक की रफ्तार से आंधी आने का पूर्वानुमान था जबकि आंधी 65 किमी की गति के बाद हांफ गई।

बना रहेगा राहत का दौर 

मौसम विभाग की मानें तो गर्मी से राहत का दौर अभी दो तीन दिन तक बना रहेगा। सोमवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बारिश भी होने के आसार हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 एवं 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसी तरह मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे और गर्जन वाले बादल बनने के भी आसार हैं। 

यह भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान का कहर, हवाई यातायात प्रभावित, देखें- धूल भरे आसमान की तस्वीर

chat bot
आपका साथी