26 जनवरी से पहले दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी, हथियारों के साथ दो कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने नीरज बवानिया और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो कुख्यात अंतरराज्यीय हथियार आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से 27 अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किया है। ये दोनों आरोपित कई राज्यों में हथियार सप्लाई करने का काम करते हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 24 Jan 2022 04:52 PM (IST) Updated:Mon, 24 Jan 2022 04:52 PM (IST)
26 जनवरी से पहले दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी, हथियारों के साथ दो कुख्यात तस्कर गिरफ्तार
दिल्लीः नीरज बवानिया और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो कुख्यात हथियार तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह]। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो कुख्यात हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 27 अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए गए हैं। गणतंत्र दिवस से दो दिन पहले राजधानी में हथियारों की उक्त बड़ी खेप पकड़ सेल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आरोपित दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवानिया व टिल्लू ताजपुरिया समेत पड़ोसी राज्यों के कई बड़े गैंगस्टरों को अवैध हथियार आपूर्ति करते थे।

डीसीपी स्पेशल सेल संजीव कुमार यादव के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तस्करों के नाम मनीष व शौकीन है। मनीष, बवाना व शौकीन, शामली, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।एसीपी संजय दत्त व इंस्पेक्टर कैलाश चंद बिष्ट की टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया। पिछले कुछ समय से स्पेशल सेल को सूचना मिल रही थी कि नीरज बवानिया और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के बदमाश कुछ हथियार तस्करों के संपर्क में है। वे नियमित रूप से उनसे हथियार खरीद रहे हैं। हथियार तस्कर वाटस एप और टेलीग्राम एप के माध्यम से भी इनके जुड़े हुए हैं।

18 जनवरी को सेल की टीम ने पेट्रोल पंप बवाना के पास बाइक सवार मनीष को दबोच लिया। उसने कंधे पर बैग लटकाए हुआ था और किसी का इंतजार कर रहा था। पुलिस टीम को देखकर वह भागने लगा लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। बैग की तलाशी लेने पर 17 अवैध हथियार मिले। उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई है। मनीष से पूछताछ के बाद 20 जनवरी को शौकीन को शामली से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 10 कटटा व कुछ कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने बताया वे टिल्लू ताजपुरिया व नीरज बवानिया समेत दिल्ली, हरियाणा और यूपी के कई बड़े गिराहों को अवैध हथियारों की आपूर्ति करते हैं।

मनीष ने बताया कि वह चीकू और लोकेश के कहने पर अवैध हथियारों की खेप गैंगस्टरों को आपूर्ति करता था। दोनों तस्कर अभी जेल में बंद है। मनीष ने पिछले एक साल में नीरज बवानिया और टिल्लू गिरोह के बदमाशों को 30 से अधिक अवैध हथियार व बड़ी संख्या में कारतूस बेचने की बात स्वीकारी। मनीष ने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से स्नातक किया हुआ है। वह अपने चचेरे भाई बख्तावरपुर निवासी अमित और लोकेश के साथ गलत संगत में पड़ गया। दोनों नीरज बवानिया और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के सदस्य हैं। मनीष के खिलाफ पहले के दो मामले दर्ज हैं। शौकीन पिछले 12 वर्षों से शामली, कैराना में अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल रहा है। इसके खिलाफ कैराना में एक मामला दर्ज है।

chat bot
आपका साथी