DC vs MI: Prithvi Shaw मैच से पहले कोच Ricky Ponting से भिड़े? जानें वायरल तस्वीर का पूरा सच
मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले जा रहे आईपीएल 2024 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पृथ्वी शॉ का दिल तोड़ दिया। पृथ्वी शॉ को दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11 से ड्रॉप किया गया। उनकी जगह अभिषेक पोरेल को मौका दिया। पृथ्वी पिछले कुछ मैचों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे ऐसे में उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर रखने का फैसला लिया गया।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2024 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना मुंबई इंडियंस से हो रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने प्लेइंग-11 में बदलाव किया।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11 से पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) को बाहर रखने का फैसला लिया गया। पृथ्वी को उनकी खराब फॉर्म के कारण प्लेइंग-11 से बाहर किया गया। मौजूदा सीजन में पृथ्वी ने अच्छी पारी जरूर खेली, लेकिन पिछले 3 मैचों में उनका परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा था। ऐसे में उनकी जगह अभिषेक पोरेल को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया।
प्लेइंग-11 से ड्रॉप होने के बाद ओपनर पृथ्वी शॉ काफी नाराज नजर आए। मैच शुरू होने से पहले वह बीच मैदान कोच रिकी पोंटिंग से बहस करते हुए दिखे, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
Prithvi Shaw प्लेइंग-11 से ड्रॉप होने के बाद कोच रिकी पोंटिंग से बहस कर रहे थे?
दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स की टीम का मौजूदा सीजन में शुरुआत खराब रही, लेकिन उसके बाद टीम ने जीत की लय पकड़ी। गुजरात टाइटंस के खिलफ दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पिछले मैच को 4 रन से जीता। दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर पृथ्वी शॉ पिछले कुछ मैचों में रन बनाने को संघर्ष करते हुए दिख रहे थे। गुजरात के खिलाफ पृथ्वी 6 गेंद में 7 रन ही बना सके थे, जिसके बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले जा रहे मैच की प्लेइंग-11 से पृथ्वी को बाहर रखा गया।
पृथ्वी शॉ मैच से पहले बीच मैदान पर रिकी पोंटिंग से बहस करते हुए नजर आए। यह किसी को नहीं पता कि कोच रिकी और पृथ्वी के बीच बात क्या हो रही है? लेकिन ये कयास लगाया जा रहा है कि उनके प्लेइंग-11 से ड्रॉप होने को लेकर शॉ रिकी से पूछ रहे कि उन्हें मौका क्यों नहीं दिया गया। इस तस्वीर के वायरल होने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Prithvi Shaw का IPL 2024 में अब तक का प्रदर्शन
बता दें कि आईपीएल 2024 में पृथ्वी शॉ ने अभी तक 7 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 162 की स्ट्राइक रेट से 185 रन बनाए हैं। मौजूदा सीजन के अपने पहले 4 मैचों में शॉ करीब 38 की औसत से 151 रन बना चुके थे, लेकिन आखिरी तीन मैचों में उनके बल्ले से केवल 34 रन निकले।
Looks like Prithvi Shaw is not happy #DCvsMI pic.twitter.com/Fx0LJq7lwC— Kush patel 💛 (@Kushkp02) April 27, 2024