Delhi: खतरनाक तरीके से कैब चलाने के कारण सड़क पर गिरी थी युवती, आरोपित चालक अब खाएगा जेल की हवा; हुआ गिरफ्तार

सिविल लाइन इलाके में कैब से युवती काे गिराने के मामले में पुलिस ने आरोपित उबर कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपित कैब चालक पवन की लापरवाही सामने आई है। वह मूलरूप से हरियाणा के भिवानी का रहने वाला है।

By Dhananjai MishraEdited By: Publish:Fri, 24 Mar 2023 07:33 PM (IST) Updated:Fri, 24 Mar 2023 07:33 PM (IST)
Delhi: खतरनाक तरीके से कैब चलाने के कारण सड़क पर गिरी थी युवती, आरोपित चालक अब खाएगा जेल की हवा; हुआ गिरफ्तार
कैब से युवती काे गिराने के मामले में पुलिस ने आरोपित उबर कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। सिविल लाइन इलाके में कैब से युवती काे गिराने के मामले में पुलिस ने आरोपित उबर कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपित कैब चालक पवन की लापरवाही सामने आई है। वह मूलरूप से हरियाणा के भिवानी का रहने वाला है। दिल्ली में बक्करवाला में किराए के मकान में रहता हैं।

फोन और पर्स भी हुआ बरामद

आरोपित के कब्जे से युवती का मोबाइल फोन, पर्स और नकदी बरामद कर ली है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि युवती ने रास्ते में अपनी लोकेशन उबर एप पर बदली थी। इससे चालक नाराज हो गया। विधानसभा पोस्ट आफिस के पास दोनों में काफी बहस हुई। युवती को चालक ने कैब से उतर जाने को कहा, इस दौरान कई बार कैब का दरवाजा खोला और बंद किया गया। अंत में जब युवती कैब से उतरने लगी तभी अचानक चालक ने कैब को तेजी से भगाया इससे युवती सड़क पर गिर गई।

मामले को लेकर क्या बोले डीसीपी?

डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि बुधवार शाम को अस्पताल से सूचना मिली की एक युवती को घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची यहां पता चला कि प्रकृति रावत दिलशाद गार्डन इलाके में परिवार के साथ रहती हैं। वह एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने अपने बयान में बताया कि बुधवार को शाम को वह अपने दोस्तों के साथ मजनू का टीला इलाके में एक कोरियन रेस्त्रां में लंच करने गई थी। वहां से निकलने पर वह अपनी मौसी की लड़की के यहां जाने का मन बनाया। उन्होंने उबर कैब बुक की। कुछ दूर चलने के बाद उन्हाेंने अपना मन बदल लिया और अपने घर जाने की लोकेशन एप पर बदली।

चालक को भी इसकी जानकारी दे दी। इसके बाद चालक भड़क गया वह कैब को तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से चलाने लगा। इस पर पीड़िता ने चालक से कैब को ठीक से चलाने का आग्रह भी किया। शाम करीब साढ़े चार विधानसभा पोस्ट आफिस के पास एक कट पर चलाक ने कैब को तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से कैब को मोड़ा। इस दौरान वह कैब से बाहर सड़क पर जा गिरी,इसके बाद आरोपित उनका मोबाइल,पर्स 20 हजार रुपये व अन्य दस्तावेज लेकर फरार हो गया।

ऐसे गिरी युवती

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोकेशन बदलने से नाराज चालक युवती में काफी बहस हुई थी। विधानसभा पोस्ट आफिस के पास चालक ने युवती से कहा कि वह कैब से उतर जाए। इस पर दरवाजे को दो-तीन बार खोला और बंद किया गया था। अंत में जब युवती दरवाजा पकड़ कर उतरने लगी तभी अचानक चालक ने कैब को तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दिया इससे युवती सड़क पर गिर गई।

चालक ने जानबूझकर युवती को पहुंचाई चोट

मामले की जांच के लिए पुलिस ने उबर से चालक की जानकारी मांगी, इस पर आरोपित का पता पुलिस का चला। इसके बाद आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता के बयान और आरोपित से पूछताछ में पता चला कि चालक ने जानबूझकर युवती को चोट पहुंचाई थी।

chat bot
आपका साथी