Delhi: चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर दिन-रात चल रहा काम, तय समय से पहले खुलेगा; CM केजरीवाल ने किया एलान

12 मार्च से चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर मरम्मत का शुरू होने के चलते बंद कर दिया गया है। फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य के बारे में बताते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से मैं स्वयं कार्य की मॉनिटरिंग कर रहा हूं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 20 Mar 2023 03:44 PM (IST) Updated:Mon, 20 Mar 2023 03:44 PM (IST)
Delhi: चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर दिन-रात चल रहा काम, तय समय से पहले खुलेगा; CM केजरीवाल ने किया एलान
Delhi: सीएम केजरीवाल ने किया एलान, तय समय से पहले खुलेगा चिराग दिल्ली फ्लाईओवर

नई दिल्ली, पीटीआई। चिराग दिल्ली फ्लाईओवर को 12 मार्च से मरम्मत कार्यों के चलते अगले 50 दिनों तक बंद कर दिया गया है। अब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि चिराग फ्लाईओवर पर दिन-रात काम चल रहा है और जल्द ही लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

मैं खुद कर रहा हूं मॉनिटरिंग- केजरीवाल

सीएम केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की मरम्मत का काम रात में भी किया जा रहा है और इसे जल्द ही लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। केजरीवाल ने आगे कहा, चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की मरम्मत का काम रात में भी चल रहा है। व्यक्तिगत रूप से मैं स्वयं कार्य की मॉनिटरिंग कर रहा हूं। इसकी मरम्मत का काम पूरा होने के बाद जल्द ही इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा और लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

वहीं, पिछले हफ्ते लोक निर्माण विभाग मंत्री आतिशी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के रखरखाव का काम एक महीने के भीतर 50 दिनों की तय समय सीमा से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

आतिशी भी कर चुकी हैं फ्लाईओवर का निरीक्षण

जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को खुद आतिशी फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने पहुंची थीं और अधिकारियों को जल्द ही कार्य पूरा करने का निर्देश दिया था।

चिराग दिल्ली फ्लाईओवर (Chirag Delhi Flyover) पर नेहरू प्लेस से आइआइटी की ओर जाने वाले कैरिजवे के बंद होने से फ्लाईओवर के नीचे वाले मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। इससे भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

पुलिस ने नए रोडमैप का किया ट्रायल

यातायात पुलिस और पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों ने वाहनों के बढ़ते दबाव से निपटने के लिए रविवार को एक नए रोडमैप का ट्रायल किया। इसके तहत प्रयोग के तौर पर उन्होंने फ्लाईओवर के आइआइटी से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले कैरिजवे के दो लेन में से एक लेन को बंद कर दिया। इसका उद्देश्य यह परीक्षण करना था कि आइआइटी की ओर से आने वाला यातायात कैरिजवे के एक लेन में सुचारू रूप से चल सकेगा अथवा नहीं।

chat bot
आपका साथी