Covid-19: दिल्‍ली में लगातार बढ़ रहे मामले मगर रिकवरी रेट बेहतर, 58 फीसद लोगों ने दी महामारी को मात

दिल्‍ली में 58 फीसद से अधिक लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस महामारी ने पिछले एक दिन में 66 लोगों की जिंदगी लील ली।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 24 Jun 2020 11:14 PM (IST) Updated:Thu, 25 Jun 2020 07:07 AM (IST)
Covid-19: दिल्‍ली में लगातार बढ़ रहे मामले मगर रिकवरी रेट बेहतर, 58 फीसद लोगों ने दी महामारी को मात
Covid-19: दिल्‍ली में लगातार बढ़ रहे मामले मगर रिकवरी रेट बेहतर, 58 फीसद लोगों ने दी महामारी को मात

नई दिल्‍ली [स्‍वदेश कुमार]। राजधानी में कोरोना संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे में यहां संक्रमण के 3,788 नए मामले सामने आए। इस तरह से दिल्ली में संक्रमित हुए लोगों का कुल आंकड़ा 70 हजार को पार कर गया है। हालांकि इनमें से 58 फीसद से अधिक लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस महामारी ने पिछले एक दिन में 66 लोगों की जिंदगी लील ली। इस तरह से अब तक कुल 2,365 लोग इस बीमारी के कारण दम तोड़ चुके हैं।

इस वक्‍त 26,588 सक्रिय मरीज

स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक राजधानी में अब तक कुल 70,390 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 41,437 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय दिल्ली में 26,588 सक्रिय मरीज हैं। इनमें 14,844 घर में क्वारंटाइन हैं। निजी और सरकारी अस्पतालों में 6,203 मरीजों का इलाज हो रहा है। वहीं कोविड केयर सेंटर में 1,547 और कोविड हेल्थ सेंटर में 206 मरीज भर्ती हैं। राजधानी में अब तक 4,20,707 सैंपल की जांच हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 19,050 लोगों की जांच हुई। फिलहाल कंटेनमेंट जोन की संख्या 266 है।

डॉक्टरों को मिला छह महीने का सेवा विस्तार

सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को देखते हुए जूनियर और सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों को छह महीने का सेवा विस्तार दे दिया गया है। सरकार ने इस संबंध में बुधवार को सभी अस्पतालों को आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत उनको सेवा विस्तार देने को कहा गया है जिनका तीन साल या एक साल का संविदा कार्यकाल पूरा हो गया है।

संक्रमण के आंकड़ों में मुंबई से आगे दिल्ली

दिल्ली में संक्रमण के आंकड़ों ने मुंबई को पीछे छोड़ दिया है। मुंबई में अब कुल 69,625 मामले आए हैं वहीं दिल्ली में यह आंकड़ा 70,390 तक पहुंच गया है। हालांकि मौतों के मामले में मुंबई ही आगे है। मुंबई में जहां अब तक 3,962 लोगों की काेरोना की वजह से मौत हुई है। वहीं दिल्ली में 2,365 लोगों की जान गई है। उल्लेखनीय है कि मुंबई अपेक्षा दिल्ली की जनसंख्या थोड़ी अधिक है।

chat bot
आपका साथी