कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर, कहीं बजे डोल तो कहीं बजा ड्रम
तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जश्न मनाने का मौका दिया। दिल्ली में जगह-जगह कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।
ऩई दिल्ली, जेएनएन। तीन (मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़) राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जश्न मनाने का मौका दिया। देश के अन्य राज्यों की तरह दिल्ली में भी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और इस जीत के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की जनता का आभार जताया।
वहीं, दिल्ली के लोधी रोड इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जश्न में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा भी पहुंचे और ड्रम बजाकर उत्साह बढ़ाया।
कांग्रेस की जीत को लेकर लक्ष्मीनगर विधानसभा के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैठक करके कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई दी और कहा कि राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोगों के विश्वास के कारण जीत हासिल हुई है।
दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव आकाश ढिकिया कहते हैं कि यह लोगों के विश्वास की जीत है। लोगों ने भाजपा को नकारना शुरू कर दिया है।
कृष्णा नगर जिला कांग्रेस की अध्यक्ष गीता शर्मा और प्रदेश कांग्रेस के डेलीगेट बिजेंद्र प्रधान ने भी कांग्रेस की जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने दिल्ली के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्साह से लबरेज कर दिया है।