लव जिहाद के नाम पर शादी रोकने गए भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस ने खदेड़ा

युवती वर्तमान में डॉक्टर है, जबकि युवक एमबीए की पढ़ाई करने के बाद निजी कंपनी में नौकरी करता है। दोनों ने परिवार वालों की सहमति से कोर्ट मैरिज कर ली।

By Amit MishraEdited By: Publish:Sat, 23 Dec 2017 04:34 PM (IST) Updated:Sat, 23 Dec 2017 07:23 PM (IST)
लव जिहाद के नाम पर शादी रोकने गए भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस ने खदेड़ा
लव जिहाद के नाम पर शादी रोकने गए भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस ने खदेड़ा

गाजियाबाद [जेएनएन]। कविनगर थाना क्षेत्र के राजनगर निवासी एक डॉक्टर युवती ने दूसरे समुदाय के सहपाठी रहे युवक से प्रेम-विवाह कर लिया। शुक्रवार को युवती के घर पर शादी की रस्म के दौरान हिंदू संगठन के लोग एकत्र हो गए और लव-जिहाद का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा 

विरोध-प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ता भी एकत्र हो गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वह युवती के घर की तरफ बढ़ने लगे। इस पर पुलिस ने भाजपाइयों पर जमकर लाठीचार्ज किया। भाजपाई वापस लौट गए और करीब दो घंटे बाद दोबारा युवती के घर के पास पहुंचकर हंगामा करने लगे।

जांच का आश्वासन

शाम को भाजपाई एएलटी रोड पर धरने पर बैठ गए और जाम लगा दिया। कुछ भाजपाइयों ने तोड़फोड़ का प्रयास किया तो पुलिस ने दोबारा उनपर लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भाजपाई पुलिस-प्रशासन हाय-हाय के नारे लगाते हुए धरने पर बैठे रहे। इसके बाद एसएसपी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर व जांच का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद भाजपाई वापस लौट गए।

यह है पूरा मामला 

राजनगर निवासी प्रतिष्ठित परिवार की युवती की अलीगढ़ निवासी युवक के साथ लंबे समय से दोस्ती थी। दोनों साथ पढ़े थे। युवती वर्तमान में डॉक्टर है, जबकि युवक एमबीए की पढ़ाई करने के बाद निजी कंपनी में नौकरी करता है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसके चलते दोनों ने परिवार वालों की सहमति से कोर्ट मैरिज कर ली।

शुक्रवार को युवती पक्ष ने युवक पक्ष के लिए एक भोज का आयोजन किया था और दोनों की शादी की रस्म पूरी होनी थी। अलग-अलग संप्रदाय के युवक-युवती की शादी की सूचना मिलते ही सुबह दोपहर करीब 12 बजे विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग युवती के घर के पास एकत्र हो गए और लव-जिहाद का आरोप लगाते हुए विरोध करने लगे।

सूचना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया। दोपहर करीब दो बजे भाजपा के महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा के नेतृत्व में कई भाजपाई भी युवती के घर पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो भाजपाइयों व पुलिस में नोंकझोंक हो गई। भाजपाई युवती पक्ष से बात करने पर अड़ गए।

दोनों परिवारों की आपसी सहमति

पुलिस ने युवती पक्ष को बुलाकर भाजपा व हिंदू संगठनों के लोगों से मुलाकात कराई तो युवती पक्ष ने स्पष्ट कर दिया कि शादी दोनों परिवारों की आपसी सहमति से हो रही है और वह किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं चाहते। इसके बाद भी भाजपाई शांत नहीं हुए और युवती के घर की तरफ जाने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोका तो वह पुलिस से भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया।  

एसएसपी के खिलाफ नारे

इसके बाद भाजपाई व हिंदू संगठनों के लोग वापस लौट गए। करीब दो घंटे बाद भाजपाई वापस मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाजपाई लाठीचार्ज का विरोध कर पुलिस-प्रशासन व एसएसपी के खिलाफ नारे लगा रहे थे और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। एसएसपी के वहां न आने से भाजपाई भड़क गए और एएलटी रोड पर सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। भाजपाइयों ने जमकर नारेबाजी की। कुछ भाजपाई सड़क के दूसरी तरफ पहुंच गए और वाहनों में तोड़फोड़ का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा उनपर लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया।

 

पुलिस पर पथराव

भाजपाइयों ने भी पुलिस पर पथराव किया। इस घटना में कई भाजपाइयों व पुलिसकर्मियों को हल्की चोट भी आई। शाम को एसएसपी हरिनारायण सिंह मौके पर पहुंचे और भाजपाइयों को समझाकर शांत कराया व मामले की मजिस्ट्रेटी जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद भाजपाई शांत हुए और वापस लौटे। 

यह भी पढ़ें: जानिए दिल्‍ली के ढोंगी बाबा के चार बड़े राज, पांच राज्‍यों में फैला नेटवर्क

यह भी पढ़ें: आध्यात्मिक विश्वविद्यालय सच, दिन में सन्नाटा, रात में होती थी चहलकदमी

chat bot
आपका साथी