Exclusive : प्रियंका गांधी के आदेश पर विधायक अवतार भड़ाना ने छोड़ी भाजपा

अवतार भड़ाना सबसे पहले 1984 में दौसा लोकसभा क्षेत्र से तत्कालीन जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़े थे। 1988 में उन्हें देवीलाल ने हरियाणा मंत्रिमंडल में बिना विधायक के मंत्री बनाया था।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Thu, 14 Feb 2019 03:59 PM (IST) Updated:Thu, 14 Feb 2019 03:59 PM (IST)
Exclusive : प्रियंका गांधी के आदेश पर विधायक अवतार भड़ाना ने छोड़ी भाजपा
Exclusive : प्रियंका गांधी के आदेश पर विधायक अवतार भड़ाना ने छोड़ी भाजपा

फरीदाबाद (बिजेंद्र बंसल)। कांग्रेस में शामिल होने से पहले अवतार भड़ाना ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक पद और भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है। भड़ाना लखनऊ में सायं चार बजे प्रियंका गांधी के सामने कांग्रेस में शामिल होंगे। अवतार सिंह भड़ाना फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे। फरीदाबाद से तीन बार और उत्तर प्रदेश के मेरठ लोकसभा क्षेत्र से एक बार कांग्रेस की टिकट पर सांसद रह चुके अवतार भड़ाना फिलहाल उत्तर प्रदेश के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। अवतार भड़ाना सबसे पहले 1984 में दौसा लोकसभा क्षेत्र से तत्कालीन जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इसके बाद 1988 में उन्हें देवीलाल ने हरियाणा मंत्रिमंडल में बिना विधायक के मंत्री बनाया था। 1991 में अवतार भड़ाना पहली बार कांग्रेस की टिकट पर फ़रीदाबाद लोक सभा क्षेत्र से सांसद चुने गए थे।

फरीदाबाद से भाजपा की टिकट मांग रहे थे अवतार भड़ाना

अवतार भड़ाना फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे मगर पार्टी से हरी झंडी न मिलने के कारण उन्होंने कांग्रेस की ओर रुख किया है। 2014 का फरीदाबाद से लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर भारतीय जनता पार्टी के कृष्णपाल गुर्जर के सामने करीब 4.67 लाख वोटों से हारने के बाद अवतार इंडियन नेशनल लोकदल में शामिल हो गए थे और दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने इंडियन नेशनल लोकदल के लिए ही प्रचार किया था। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मौजूदा केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सामने शामिल हो गए। भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अवतार भड़ाना को में सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गुर्जर बाहुल्य विधानसभा क्षेत्रों में स्टार प्रचारक के रूप में उतारा बल्कि खुद भड़ाना को मीरा पर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ाया । इसमें अवतार भड़ाना विजयी रहे।

अवतार की पत्नी ममता भड़ाना के प्रियंका से हैं घरेलू संबंध

अवतार भड़ाना को लखनऊ में प्रियंका गांधी के सामने इसलिए कांग्रेस में शामिल कराया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में हवा बन सके ।अभी अवतार भड़ाना को नोएडा लोकसभा क्षेत्र के लिए तैयार किया जा रहा है मगर राजनीतिक सूत्र बताते हैं कि अंतिम क्षणों में अवतार भड़ाना फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस किसान सेल के राष्ट्रीय संयोजक नाना पटोले दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। अवतार भड़ाना की पत्नी ममता भडाना के कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से पारिवारिक संबंध हैं। यही कारण है कि अवतार भड़ाना के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने के बावजूद भी ममता ने कभी यह नहीं स्वीकार किया था कि वे भी पति के साथ भारतीय जनता पार्टी में हैं।

अवतार को भाजपा से कांग्रेस में लाने में नाना पटोले ने निभाई अहम भूमिका

अवतार भड़ाना की फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चाहत तो उन्हें भाजपा छोड़ कांग्रेस में ले आई। इसमें उनके लिए सबसे अहम भूमिका निभाई महाराष्ट्र के भंडारा गोंदिया लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद नाना देशमुख पटोले ने। नाना पहले वे नेता है जो 2014 में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर प्रफुल्ल पटेल को हराकर चुनाव जीते थे मगर उसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफ़ा देकर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीता । फ़िलहाल वे अखिल भारतीय खेत किसान मज़दूरकांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं । सूत्र बताते हैं कि नाना पटोले ने ही अवतार भड़ाना को भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने के लिए मनाया। उन्होंने ही राहुल गांधी के दरबार में अवतार भड़ाना के पक्ष में भूमिका तैयार की।

chat bot
आपका साथी